जोधपुर। जोधपुर नगर निगम के महापौर के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले गुरुवार को भाजपा ने समर्थन में आए सात निर्दलीयों के वीडियो जारी कर दिए। इन निर्दलीयों को पार्टी के महामंत्री भूपेंद्र सैनी, चुनाव के संभाग प्रभारी औंकार सिंह लखावत, नारायण सिंह देवल ने भाजपा का दुपट्टा पहनाया। जोधपुर में 10 निर्दलीयों ने चुनाव जीता था, जबकि एक राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का प्रत्याशी चुनाव जीता है। चारों अल्पसंख्यक वर्ग से आते हैं। कांग्रेस के पास खुद के 44 के साथ इनका समर्थन है। भाजपा के 45 निर्वाचित पार्षदों के साथ 7 निर्दलीयों का समर्थन मिलने से पार्षदों की संख्या 52 हो गई है। ऐसे में भाजपा का महापौर बनना तय माना जा रहा है।
जोधपुर के बीजेपी जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल का कहना है कि महापौर के मतदान के दौरान भाजपा प्रत्याशी को 52 से अधिक मत प्राप्त होंगे। जोधपुर नगर निगम में इस बार सामान्य वर्ग का महापौर बनेगा। दावेदारों में में सबसे आगे पूर्व मंत्री मेघराज लोहिया, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्नचंद मेहता, कमलेश पुरोहित के नाम हैं।
इससे पहले जोधपुर में वार्ड संख्या 5 से कांग्रेस के बागी विशाल सांखला, वार्ड संख्या 19 से भाजपा के बागी दिनेश शर्मा, वार्ड संख्या 20 से कांग्रेस के बागी चेतन गहलोत, वार्ड संख्या 81 से भाजपा के बागी स्वरूप सिंह, 48 से दुर्गा मेवाड़ा, 47 से मोहन चौधरी, 76 से कांग्रेस की बागी निर्मला नायक ने भाजपा को अपना समर्थन देते हुए पार्टी में शामिल हुए। संभवत किसी एक को भाजपा उपमहापौर का पद भी दे सकती है।
कांग्रेस के सभी बागी भाजपा के पाले में चले गए हैं। पार्टी ने सभी को 6 साल के लिए निष्कासित भी कर दिया था। जीतने के बाद संपर्क करने में भाजपा आगे रही। अब तीन निर्दलीयों में वार्ड 69 से जीते कांग्रेस बागी लियाकत अली रंगरेज, 29 से अफसाना बानो और 27 से कासम खान है। इनके अलावा आरएलपी के मोहम्मद इरफान उर्फ राजू भाटी ही बचे हैं। कांग्रेस को इनका समर्थन मिलता है, तो गिनती 48 तक ही पहुंचेगी, जबकि बहुमत के लिए 51 चाहिए।