जयपुर। राजस्थान भाजपा के नए प्रभारी अजेय कुमार ने तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट रूप से कहा है माला,मिठाई और पोस्टरबाजी से दूर रहकर जमीन पर काम करने से ही पार्टी मजबूत रहेगी। ऐसे में तमाम लोग इन चीजों से बचें और जमीनी स्तर पर पार्टी की मजबूती के लिए कम करें।
अजेय कुमार ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय के कमरा नंबर-6 में उनका दफ्तर से काम की शुरुआत की। उत्तराखंड में संगठन को मजबूत करने के अपने अनुभव के साथ राजस्थान पहुंचे अजेय कुमार के सामने सबसे बड़ी चुनौती संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आगामी पंचायत और निकाय चुनावों में भाजपा को जीत दिलाना होगी। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की और वर्तमान में चल रहे संगठनात्मक अभियानों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नेताओं से वन टू वन जानकारी ली।
जयपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट से सीधे अजेय कुमार ने मोती डूंगरी गणेश मंदिर में दर्शन करने पहुंची। इसके बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर महिला मोर्चा की ओर से पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी उनका अभिनंदन कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
राजनीतिक दृष्टि से पंचायत और निकाय चुनावों को वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की सेमीफाइनल परीक्षा माना जा रहा है। ऐसे में अजेय कुमार की कार्यशैली और चुनावी रणनीति पर प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ केंद्रीय नेतृत्व की भी नजर रहेगी। कार्यभार संभालने के साथ ही अजेय कुमार प्रदेश पदाधिकारियों, संगठन प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक शुरू कर शुरू कर दी। इन बैठकों में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सक्रिय सदस्यता, केंद्रीय अभियान, सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल के बाद अब संगठन और सरकार के बीच तालमेल को और मजबूत करने की आवश्यकता है। पंचायत और निकाय चुनावों के परिणाम ही यह तय करेंगे कि भाजपा की सरकार के प्रति जनता का रुझान कितना मजबूत है।
भाजपा का लक्ष्य प्रदेश में हर पांच साल में सत्ता परिवर्तन की परंपरा को तोड़ते हुए सरकार की पुनरावृत्ति करना है। ऐसे में आने वाले दिनों में अजेय कुमार की रणनीति, संगठनात्मक सक्रियता और चुनावी प्रबंधन पर सभी की नजरें रहेंगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि संगठन महामंत्री के आने से आगामी पंचायत निकाय चुनाव हो या फिर 2028 की सरकार दोहराने की बात, मजबूती से अब संगठन काम करेगा। उनके अभुव और मार्गदर्शन से भाजपा मजबूती से आगे बढ़ेगी।
अजेय कुमार को संगठनात्मक दृष्टि से बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ता संवाद और चुनावी माइक्रो मैनेजमेंट का विशेषज्ञ माना जाता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संगठन महामंत्री के आगमन को लेकर कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का आभर जिन्होंने हमें अनुभव भी संगठन महामंत्री दिया। हमारे लिए खुशी बात है। संगठन को सुदृढ़ करने में भूमिका निभाएंगे। पार्टी अब और मजबूत,सक्षम बनेगी। राठौड़ ने कहा कि अब मुझे अब प्रदेश में और घूमने का मौका मिलेगा। उत्तराखंड में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ वहां पार्टी की चुनावी सफलता और सरकार की पुनरावृत्ति में निभाई गई उनकी भूमिका को देखते हुए राजस्थान में भी उनसे बड़ी अपेक्षाएं हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ भाजपा के जनाधार को और मजबूत करना होगी।