जयपुर। कांग्रेस से भाजपा में गए पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय की कांग्रेस में घर वापसी की चर्चा से इन दिनों राजस्थान का सियासी तापमान गर्माया हुआ है। इस बीच आज कांग्रेस की अनुशासन कमेटी की बैठक में महेंद्रजीत सिंह मालवीय सहित सात नेताओं की घर वापसी पर मंथन किया गया. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वॉर रूम में हुई अनुशासन कमेटी की बैठक में इस मुद्दे पर गहन विमर्श किया गया. अब अनुशासन कमेटी अपनी एक रिपोर्ट बनाकर प्रदेशाध्यक्ष को सौंपेगी। यह रिपोर्ट आलाकमान के पास जाने के बाद मालवीय की कांग्रेस में घर वापसी का रास्ता साफ होगा।
वहीं, अनुशासन समिति में शामिल कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि भाजपा के कई नेता भी उनके संपर्क में हैं और जल्द ही भाजपा के कई नेता कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक नई सरगर्मी देखने को मिल सकती है। अनुशासन कमेटी के अध्यक्ष उदयलाल आंजना ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा, महेंद्रजीत सिंह मालवीय सहित सात नेताओं की कांग्रेस में वापसी को लेकर आज अनुशासन कमेटी में चर्चा की गई है। इसकी रिपोर्ट बनाकर शनिवार तक पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष को दी जाएगी। जिस पर अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और आलाकमान फैसला करेंगे। उन्होंने बताया कि मालवीय के अलावा कांता भील, खिलाड़ीलाल बैरवा, कैलाश मीणा, सुभाष तंबोली, गोपाल गुर्जर की कांग्रेस में वापसी के एजेंडे पर चर्चा की गई है। जिसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
उन्होंने कहा, इन नेताओं के पार्टी छोड़ने के कारणों, उन पर लगे आरोपों पर भी गहनता से मंथन किया गया है। ऐसे नेताओं को पार्टी में वापस लेने का क्या असर होगा. इसे लेकर जिले के प्रमुख नेताओं से भी बात की गई है. जिलाध्यक्षों ने अपनी तरफ से जो बात कही है. उसे भी अनुशासन कमेटी अपनी रिपोर्ट में शामिल कर रही है. उन्होंने कहा, जो लोग पार्टी छोड़कर गए। वो घर के ही आदमी थे. वे पार्टी छोड़कर गए क्यों, यह समझ से परे है। जो आना चाहेगा, उसे वापस भी लेंगे। कांग्रेस उनका घर है। उन्होंने यह महसूस भी कर लिया कि उधर कोई फायदा नहीं है और कांग्रेस से बढ़िया कोई पार्टी नहीं है।