चौमूं में उपद्रव,पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े

जयपुर। जिले के चौमूं कस्बे में अतिक्रमण हटाने के विवाद को लेकर शुक्रवार तड़के विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। तनाव के दौरान समुदाय विशेष के लोगों की ओर से की गई पत्थरबाजी में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर उपद्रवियों को भगाया। फिलहाल, पुलिस के आला अधिकारी मौके पर तैनात हैं। जहां हालात काबू में बताए जा रहे हैं।
हालत को देखते हुए चौमूं में आज सुबह से 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा पर भी पाबंदी लगा दी गई है। जयपुर (पश्चिम) डीसीपी हनुमान प्रसाद मीणा, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव पचार और स्पेशल कमिश्नर (ऑपेरशन) राहुल प्रकाश मौके पर मौजूद हैं। पूरा कस्बा छावनी में तब्दील हो गया है. जहां बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात हैं।
जयपुर के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव पचार के अनुसार, चौमू बस स्टैंड के पास एक धार्मिक स्थान के पास से पत्थर हटाने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद एक समुदाय विशेष के लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद चौमूं, हरमाड़ा, विश्वकर्मा, दौलतपुरा और मुरलीपुरा सहित अन्य पुलिस थानों से अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। स्पेशल टास्क फोर्स और दंगा नियंत्रक बल की भी तैनाती की गई है। प्रारंभिक तौर पर पथराव की घटना में आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *