जयपुर । जल जीवन मिशन घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आज पूर्व मंत्री डॉ. महेश जोशी और उनके करीबी संजय बड़ाया को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने पांच दिन की रिमांड पूरी होने पर एसीबी की मांग पर महेश जोशी का ओर रिमांड नहीं दिया और जेल भेजने के आदेश दिए। वहीं, संजय बड़ाया को पूछताछ के लिए तीन दिन की रिमांड पर एसीबी को सौंपा है।
कोर्ट में पेशी के दौरान महेश जोशी ने एसीबी पर दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले ईडी और अब एसीबी दबाव में काम कर रही है एक ही मामले में दो बार गिरफ्तारी कानून सम्मत नहीं है। न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।
एसीबी ने महेश जोशी को 7 मई को जयपुर से गिरफ्तार कर पांच दिन की रिमांड लिया था। पांच दिन पूछताछ के बाद उन्हें फिर कोर्ट में पेश किया गया। वहीं, महेश जोशी के करीबी संजय बड़ाया को एसीबी ने आज दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया था। जयपुर लाकर गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट लाया गया। कोर्ट ने उन्हें तीन दिन के रिमांड पर एसीबी को सौंपा है। अब एसीबी संजय बड़ाया से पूछताछ करेगी।
कोर्ट में महेश जोशी ने कहा कि पहले ईडी ने भी राजनीतिक दबाव में काम किया। अब एसीबी भी राजनीतिक दबाव में काम कर रही है। एक ही मामले में दो बार उनकी गिरफ्तारी हुई। जो कानून सम्मत नहीं है। उन्होंने कहा, संजय बड़ाया कोर्ट से अनुमति लेकर विदेश गया था,लेकिन एसीबी ने लुक आउट नोटिस जारी कर दिया और आज उन्हें लौटने पर गिरफ्तार किया। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जाहिर करते हुए कहा कि सत्य परेशान हो सकता है। पराजित नहीं। सत्यमेव जयते।