भीड़ के हमले में घायल पूर्व विधायक की मौत

भरतपुर / जयपुर । भीड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत हो गई है। भरतपुर से जयपुर रैफर किए जाने के दौरान दौसा के नजदीक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी, जहां उन्हें सीपीआर देकर जयपुर रवाना किया गया, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

भरतपुर जिले में वैर कस्बे के पास पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के क्रेशर पर रविवार शाम 70-80 लोगों ने हमला कर दिया था। भीड़ के इस हमले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना और उनके बॉडी गार्ड गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पहले उपजिला अस्पताल वैर लाया गया, वहां प्राथमिक उपचार के बाद पूर्व विधायक बढ़ाना को जयपुर और गगन शर्मा को भरतपुर रेफर कर दिया गया था। इस दौरान पूर्व विधायक के ज्यादा खून बह जाने से उनकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना ने आरोप लगाया कि 70-80 लोगों ने उनके पति और अन्य लोगों पर हमला किया। उन्होंने बताया कि अतर सिंह भड़ाना गोली लगने से घायल हुए हैं। क्रेशर पर काम करने वाले 20-25 लोगों में से कितने घायल हुए हैं, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

सीआई धीरेंद्र सिंह के घटना को लेकर बताया कि क्रेशर संचालन को लेकर ग्रामीणों और क्रेशर संचालक के बीच पिछले दो वर्षों से विवाद चल रहा था। विवाद के चलते ग्रामीणों की ओर से क्रेशर   के विरोध में धरना भी दिया जा रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय डॉ रवि ने बताया कि पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हालत काफी गंभीर होने के कारण उन्हें जयपुर रेफर किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, पहाड़ी पर मशीनों से खनन का काम चल रहा था। इसी दौरान पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना भी वहां मौजूद थे। आरोप है कि तभी ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *