उदयपुर / बालोतरा। 2 करोड रुपए की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किए गए दलाल के बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी की भी गिरफ्तारी एसीबी ने कर ली है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्यवाही भ्रष्टाचार और गड़बड़ी की ही एक मामले में एफआर लगाने के बदले में 2 करोड़ रुपये की रिश्वत लेने के मामले में की गई है।
इससे पहले एसीबी की टीम ने इस मामले में एएसपी के दलाल सज्जन सिंह को रुपये लेते हुए रंगे हाथों दबोचा था। दलाल की गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने दलाल सज्जन सिंह और एएसपी मुकेश कुमार सोनी दोनों से कड़ी पूछताछ की, जिसके बाद एएसपी की संलिप्तता की पुष्टि होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच जारी है और पुलिस महकमे में इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।
इससे पहले भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की उदयपुर इंटेलिजेंस यूनिट ने शनिवार को एक नाटकीय ट्रैप में 2 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रिश्वत राशि लेते हुए एक दलाल को रंगे हाथों दबोचा था। भ्रष्टाचार के इस सिंडिकेट से तार जुड़े होने के चलते स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी को बालोतरा स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया था।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता बताया की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को 23 सितंबर को मिली एक गोपनीय शिकायत में बताया गया कि उदयपुर नगर निगम के बहुचर्चित 272 भूखंड फर्जीवाड़े (प्रकरण संख्या 97/2022) में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को नए मामलों में राहत देने, अन्य मुकदमों में आरोपी न बनाने और जांच के दौरान घरों से जब्त किए गए गैर-रिकॉर्डेड दस्तावेजों को वापस लौटाने के नाम पर मोटी रकम की मांग की जा रही थी। यह भारी रकम किसी और के नाम पर नहीं, बल्कि एसओजी के एएसपी मुकेश कुमार सोनी के नाम पर उनके दलाल सज्जन सिंह के जरिए मांगी जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने बेहद गोपनीय ऑपरेशन की शुरुआत की, और रिश्वत मांगने की पुष्टि और सत्यापन किया। जैसे ही दोनों पक्षों के बीच बातचीत पुख्ता हुई, एसीबी ने ट्रैप का जाल बिछाया। शनिवार को दलाल सज्जन सिंह (59 वर्ष) पुत्र गणेशलाल जैन, निवासी सेक्टर-11 उदयपुर, परिवादी की फैक्ट्री में रिश्वत की पहली बड़ी किस्त पूरे 2 करोड़ रुपये लेने पहुंचा तभी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी सज्जन सिंह एसओजी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी का दलाल है। इस मामले में एसओजी एएसपी सोनी की संदिग्ध भूमिका के चलते उन्हें बालोतरा से हिरासत में लिया गया। शिकायतकर्ता का भरोसा जीतने के लिए दलाल सज्जन सिंह ने एएसपी मुकेश सोनी से कार में मुलाकात करवाई थी, जहां एएसपी ने मोबाइल स्क्रीन पर ‘2 करोड़’ लिखकर रिश्वत की मांग की थी।
यह पूरा गोपनीय ऑपरेशन एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के दिशा-निर्देशन में हुआ। वहीं, उदयपुर इंटेलीजेंस चौकी के अतिरिक्त प्रभार वाले एएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के सुपरविजन में उप अधीक्षक डॉ. सोनू शेखावत ने पूरी टीम के साथ इस ट्रैप को अंजाम दिया। टीम में सहायक प्रशासनिक अधिकारी दलपत सिंह, एएसआई मुनीर मोहम्मद और कांस्टेबल अजय कुमार सहित अन्य जाब्ता शामिल रहा। फिलहाल एसीबी दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
2 करोड़ रिश्वत मामले में दलाल के बाद एएसपी भी एसीबी हिरासत में