बिना पुनर्वास के तोड़फोड़ मानव अधिकारों का हनन, पहले मकान-दुकान की व्यवस्था करे सरकार: प्रताप सिंह खाचरियावास
जयपुर। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने आज न्यू सांगानेर रोड़ पर तोड़फोड़ से प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और व्यापारियों एवं मकान मालिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने सैकड़ों व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को संबोधित किया।
खाचरियावास ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार बिना पुनर्वास, दुकान के बदले दुकान और मकान के बदले मकान की व्यवस्था किए बिना किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ की कार्रवाई करती है तो यह मानव अधिकारों का हनन है। लोगों के आशियाने और दुकानों को तोड़ने के बाद उनके सामने रहने और रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा। सरकार को पहले प्रभावित परिवारों के लिए मकान और व्यापारियों के लिए दुकानों की व्यवस्था करनी चाहिए, उसके बाद ही किसी कार्रवाई के बारे में सोचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जोधावाड़ा में 735 दुकानों को तोड़ने से पहले सभी प्रभावित दुकानदारों को लुआ मंडी में दुकान के बदले दुकान दी गई थी तथा किरायेदारों को भी मुआवजा दिया गया था। कांग्रेस सरकार ने पुनर्वास की नीति बनाई थी और उसी नीति के अनुसार प्रभावित लोगों के हितों की रक्षा की गई।
खाचरियावास ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार को भी बिना मुआवजे और पुनर्वास के किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, संबंधित मंत्री और स्थानीय विधायक तोड़फोड़ एवं नोटिस की कार्रवाई रोकने में पूरी तरह विफल रहे हैं। सरकार को पहले प्रभावित लोगों को संतुष्ट करना चाहिए, उसके बाद ही कोई कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि न्यू सांगाने रोड के व्यापारियों और मकान मालिकों में भारी आक्रोश है। लाठी और गोली के दम पर लोगों के मकान और दुकान तोड़ने की कार्रवाई पूरी तरह गैर-कानूनी है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
खाचरियावास ने आज व्यापारियों के साथ पूरी न्यू सांगाने रोड का पैदल दौरा किया और प्रभावित व्यापारियों एवं मकान मालिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों के साथ खड़ी है और सरकार के किसी भी जुल्म और अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।