IPL पास की कालाबाजारी में 6 गिरफ्तार

जयपुर। आईपीएल क्रिकेट मैचों के पास की कालाबाजारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए जयपुर की साउथ जिला पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से क्रिकेट मैच के करीब 1.40 लाख रुपए के 13 वीआईपी पास, एक कार और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी कीमत से 5 से 10 गुना अधिक दाम पर टिकट बेच रहे थे. जयपुर पुलिस ने आईपीएल सीजन के दौरान एसएमएस स्टेडियम के आसपास और सोशल मीडिया के माध्यम से टिकट और पास की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया था।

डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि 1 जून को पुलिस थाना अशोक नगर क्षेत्र में सवाई मानसिंह स्टेडियम में हो रहे क्रिकेट मैच के पास पांच युवक आईपीएल मैचों के टिकटों/वीआईपी पास की कालाबाजारी करने के लिए घूम रहे थे। मुखबिर की सूचना पर डीएसटी साउथ टीम ने स्टेडियम के आसपास और अन्य संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की। बोगस ग्राहक बनकर घेराबंदी करने पर क्रिकेट मैच पास का सौदा होते हुए पांच युवकों को पकड़कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 13 वीआईपी पास बरामद हुए। आरोपी वास्तविक कीमत से 5 से 10 गुना अधिक दाम पर टिकट बेच रहे थे. पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अशोक नगर थाने में प्रकरण दर्ज करके अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस ने मामले में बनीपार्क निवासी आरोपी भावेश सिंधी, अशोक कुमार, झोटवाड़ा निवासी अर्जुन सैन, अजमेर रोड निवासी पवन कुमार, हरियाणा निवासी विपिन कुमार और माणक चौक जयपुर निवासी महीप माहेश्वरी को गिरफ्तार किया है। आगे की चेन का पता लगाकर गिरोह में संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम जनता से की अपील: पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक पार्टनर और बीसीसीआई द्वारा अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही टिकट खरीदें। किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति या सोशल मीडिया विज्ञापन के झांसे में न आएं। टिकट की कालाबाजारी की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन नंबर पर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *