अलवर। राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि आज जो हालात पूरे देश में बने हुए हैं, वे किसी से छिपे नहीं हैं। यही मोदी जी हैं ना, जो कह रहे थे कि महंगाई कम करूँगा। आज महंगाई की दर पिछले 45-50 वर्षों के उच्चतम स्तर पर है। यही मोदी जी हैं, जो कह रहे थे कि चीन के साथ झूला झूलना बंद करें, उसको लाल आँख दिखाएँ। आज वही चीन हमारी जमीन पर आकर बैठ गया।
यही मोदी जी कह रहे थे कि पाकिस्तान को हम छठी का दूध याद दिला देंगे। आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तो पाकिस्तानी प्रेम की बात कर रहे हैं, यह भी किसी से छिपा नहीं है। लेकिन पहलगाम और पुलवामा में क्या हुआ, यह सब लोग जानते हैं। मणिपुर हमारा पिछले डेढ़ साल से जल रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री जी दो शब्द तक नहीं बोल पाए।
मोदी जी ने कहा था कि मैं किसानों की आमदनी दोगुनी करूँगा, लेकिन आज किसान आत्महत्या कर रहा है। मोदी जी ने कहा था कि मैं हर वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार दूँगा, लेकिन आज बेरोजगारी भी पिछले 45-50 वर्षों के सबसे ऊँचे स्तर पर है।
देश की जो संवैधानिक संस्थाएँ हैं, उनका मोदी जी दुरुपयोग कर रहे हैं। चाहे ईडी हो, इनकम टैक्स हो, सीबीआई हो या चुनाव आयोग, जिसका पर्दाफाश राहुल गांधी जी कर चुके हैं।
इन सब चीजों से मोदी जी डरे हुए हैं। यही तो मोदी जी थे, जो कह रहे थे, ‘कौन राहुल?’ आज मोदी जी को कैसे पता चल गया कि राहुल गांधी कौन हैं? यही तो राहुल गांधी जी की ताकत है। राहुल जी के साथ पूरा देश है। राहुल जी के साथ वे लोग हैं, जो इस देश में संविधान की रक्षा चाहते हैं। राहुल जी के साथ वे लोग हैं, जो देश में अमन, चैन, शांति और प्यार चाहते हैं। राहुल जी के साथ वे लोग हैं, जो इस देश की तरक्की चाहते हैं, देश में लोकतंत्र चाहते हैं और लोकतंत्र को जिंदा रखना चाहते हैं।
इसलिए मोदी जी को भी, अमित शाह जी को भी और पूरी भाजपा को परेशानी हो रही है। अरबों रुपये खर्च करके राहुल गांधी जी की छवि खराब करने का जो इनका प्लान था, वह भी पूरी तरह फेल हो गया।
आज पूरे देश से राहुल गांधी जी को जो समर्थन मिल रहा है, विशेष रूप से युवाओं और जेन-जी (Gen-Z) से जो समर्थन मिला है, उससे मोदी जी घबराए हुए हैं। यह मोदी जी की वही घबराहट है, जो अब खुलकर उजागर हो रही है।