24 दिन में 8 आंदोलन,जिला कांग्रेस की अब दिल्ली कूच की तैयारी

 

जयपुर। जयपुर शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने 28 सितंबर से 21 अक्टूबर तक 24 दिनों में 8 दिन कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रमों और आंदोलनों में नेताओं और शहर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर आभार प्रकट करते हुए कहा है कि आपकी प्रतिबद्धता, अनुशासन और सक्रियता के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।

सुनील शर्मा का कहना है कि इतनी अल्पावधि में इतने आंदोलन और कार्यक्रम आयोजित करना अपने आप में एक नायाब मिसाल है, जो आपके सहयोग और आशीर्वाद के बिना संभव नहीं था।

कार्यक्रमों का विवरण देते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि 28 सितंबर को एसआईआर के विरोध में शहीद स्मारक पर प्रदर्शन और गिरफ्तारियाँ, 2 अक्टूबर को उत्साहपूर्वक गांधी जयंती में शिरकत, 8 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सर्किल पर ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन, 12 अक्टूबर को दिल्ली कूच और 17 अक्टूबर को संजय सर्किल, चाँदपोल के बाहर मदन राठौड़ का पुतला दहन—हर कार्यक्रम में आपने संगठन की शक्ति का परिचय दिया। 19 से 21 अक्टूबर तक पुलिस कमिश्नरेट पर 50 घंटे से अधिक चले धरने में दिन-रात अलग-अलग जिम्मेदारियाँ निभाकर आपने अनुशासन और समर्पण की मिसाल कायम की। किसी को सुबह छह बजे आने की जिम्मेदारी दी गई, तो किसी को रात ग्यारह बजे से तीन बजे तक की ड्यूटी दी गई। कोई गेट नंबर एक पर तैनात था, तो कोई गेट नंबर दो पर था।

24 दिनों में आठ कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की निरंतर भागीदारी कांग्रेस संगठन के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। शर्मा ने कहा कि आपने सिद्ध किया कि कांग्रेस का कार्यकर्ता कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ संघर्ष के लिए सदैव तैयार रहता है। कांग्रेस की असली ताकत आप जैसे समर्पित कार्यकर्ता ही हैं।

इसी के साथ सुनील शर्मा ने बताया कि संघर्ष का यह सिलसिला अभी जारी है और 1 नवंबर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा रामलीला मैदान, नई दिल्ली में ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ विशाल रैली में अधिकाधिक साथियों के साथ पहुँचकर इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाना है।  उसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में भी प्रभावशाली भागीदारी निभाएँगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *