दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में हादसा,कोटा में चार बच्चे डूबे

कोटा। राजस्थान के कोटा में दुर्गा पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया,जब चंबल नदी की दाईं मुख्य नहर में प्रतिमा विसर्जन में गये 7 बच्चों में से नाव पलटने से चार बच्चे डूब गए। विज्ञान नगर थाना इलाके के संजय नगर से ये 7 बच्चे दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने नहर पर गए थे। इस दौरान नहर में नाव पलट गई और सभी बच्चे पानी में डूब गए। सूचना पर आसपास के लोगों ने 3 बच्चों को बाहर निकाल लिया, जबकि चार बच्चे पानी में बह गए।
हादसे की जानकारी मिलने पर गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू की। जिला कलेक्टर पीयूष समरिया और कोटा शहर एसपी तेजस्विनी गौतम भी मौके पर पहुंच गए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी मौके पर पहुंचे हैं और उन्होंने भी तत्काल रेस्क्यू तेज करने के निर्देश दिए हैं। दूसरी तरफ लोगों ने प्रशासन का विरोध करते हुए आरोप लगाया है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी देरी हुई है।
कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम का कहना है कि हादसा हुआ है और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवा दिया है। नाव में सवार होकर सभी माताजी के विसर्जन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान नाव से माताजी का विसर्जन करने वाले थे, तभी पानी के बीच पहुंचने पर नाव पलट गई। इसके बाद सभी हादसे का शिकार हो गए। प्रारंभिक सूचना में सामने आया है कि तीन बच्चों को तैरना आता था, वह बाहर आ गए हैं। नाव अनबैलेंस होने से पलटी है।
एसपी गौतम का कहना है कि जहां पर विसर्जन कराया जाता है, वही होना चाहिए। पूरी व्यवस्थाएं व सुरक्षा करते हैं। गोताखोर भी वहां पर रखते हैं। एसडीआरएफ भी रखते हैं, लेकिन कुछ पैसे बचाने के चक्कर में अन्य जगहों पर विसर्जन कर लेते हैं, ताकि दूर नहीं जाना पड़े। अवैध जगह पर विसर्जन करने पर यह हादसे हो रहे हैं। यह बड़ी दुख की बात है, फिर भी हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *