जयपुर। राजधानी जयपुर में दिनदहाड़े उस समय सनसनी फैल गई, जब करणी विहार थाना इलाके में बाइक पर आए दो बदमाशों ने एक अन्य बाइक सवार शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक धावास का रहने वाला था वह साल 2018 में हुए एक मर्डर के मामले में ओपन जेल में सजा काट रहा था।
जयपुर (पश्चिम) डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि धावास निवासी गंगासहाय कुमावत (45) बाइक पर जा रहा था। दूसरी बाइक पर आए दो बदमाशों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में कड़ी नाकाबंदी करवाई गई है। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
घटना के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने करणी विहार थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। करणी विहार थाने से जाब्ता मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का मुआयना किया। करणी विहार के अलावा भांकरोटा और चित्रकूट थानों का जाब्ता भी मौके पर तैनात किया गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कवायद में जुटी है एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाएगी। पड़ताल में सामने आया है कि बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की।
शुरुआती जांच से पता चला है कि मृतक गंगासहाय कुमावत साल 2018 में जयपुर के मोती डूंगरी थाना इलाके में हुए एक मर्डर में शामिल था। इस मुकदमे में उसे सजा हो चुकी थी। वह इन दिनों सांगानेर ओपन जेल में सजा काट रहा था। वह बुधवार शाम को ओपन जेल की तरफ वापस जा रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के आलाधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।