गद्दारों को टिकट नहीं देंगे खाचरियावास

गद्दारों को टिकट नहीं देंगे खाचरियावास

जयपुर। आगामी नगर निगम एवं पंचायत राज चुनावों की तैयारियों को लेकर आज सिविल लाइन विधानसभा क्षेत्र में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास की अध्यक्षता में कार्यकर्ता सभा और कार्यकर्ता संवाद का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए प्रताप सिंह खाचरियावास ने आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वार्ड स्तर, बूथ स्तर एवं भाग संख्या स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करने, आमजन की समस्याओं को सुनने तथा प्रत्येक घर तक कांग्रेस की नीतियों और विचारों को पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही चुनाव को प्रभावी ढंग से लड़ने और जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की।

खाचरियावास ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। जनता अब कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है और बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निकाय एवं पंचायत राज चुनावों में पूरे राजस्थान में कांग्रेस का बेहतर प्रदर्शन होगा तथा कांग्रेस के बोर्ड बनेंगे।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जयपुर में आठो विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान जो लोग राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ नहीं थे मतलब और अब पार्टी में शामिल हुए हैं, उन्हें तत्काल टिकट नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन्होंने कठिन समय में पार्टी का साथ दिया, उनकी मेहनत और निष्ठा का सम्मान किया जाएगा, जबकि नए आए लोगों को अपनी प्रतिबद्धता सिद्ध करने के लिए समय देना होगा।

खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह, जोश और एकजुटता दिखाई दे रही है। यदि सभी कार्यकर्ता पूरी मजबूती और समर्पण के साथ मैदान में उतरेंगे, तो नगर निकाय और पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस की जीत निश्चित होगी तथा भाजपा को करारा राजनीतिक झटका लगेगा।

सभा में प्रताप सिंह खाचरियावास ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कहा कि यदि भाजपा सरकार कांग्रेस के किसी भी कार्यकर्ता के साथ अन्याय या उत्पीड़न करेगी, तो वह स्वयं सबसे पहले उनके साथ खड़े मिलेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें किसी प्रकार से डरने या घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “यदि भाजपा सरकार कांग्रेस के किसी कार्यकर्ता पर आंख उठाकर देखेगी, तो सबसे पहले मैं आगे खड़ा मिलूंगा। किसी को डरने की जरूरत नहीं है। भाजपा सरकार की लाठी का जवाब लाठी और गोली का जवाब गोली से देंगे। कांग्रेस के किसी भी कार्यकर्ता पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रताप सिंह खाचरियावास हर कार्यकर्ता के साथ ढाल बनकर खड़ा है।”

सभा के दौरान कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में पूरी ताकत के साथ कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *