कांग्रेस सिफारिशी को नहीं,सिर्फ जिताऊ और टिकाऊ को ही देगी टिकट

जयपुर। निकाय चुनाव की तैयारियों के लिए बुलाई गई जयपुर शहर कांग्रेस की बैठक में नेताओं ने अपनी हार के लिए कांग्रेस के ही जयचंदों को जिम्मेदार बताया। हवामहल से कांग्रेस प्रत्याशी रहे आर आर तिवाड़ी ने आरोप लगाया कि मैं चुनाव नहीं हारा, बल्कि मुझे जयचंदों ने चुनाव हराया था। कुछ ऐसी ही बातें मालवीय नगर की उम्मीदवार डॉ अर्चना शर्मा ने कही। वही व्यक्तिगत नारे लगाने वाले लोगों को जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा ने जोरदार फटकार लगाई।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव पूनम पासवान ने कहा कि राहुल गांधी जी के नेतृत्व में देश बीजेपी शासन के खिलाफ उठ खड़ा हुआ है और इस सम्मेलन में आई यह विशाल उपस्थिति इस बात को स्पष्ट कर रही है कि जयपुर की जनता भी मन बना चुकी है कि बीजेपी को उखाड़ फेंकना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि जयपुर में टिकट वितरण के समय सिफारिश वाले उम्मीदवारों को समझ लेना चाहिए कि उनका पार्टी में कोई भविष्य नहीं है। पार्टी उन्हीं उम्मीदवारों को प्राथमिकता देगी, जो जिताऊ और टिकाऊ तो हों ही, साथ ही जिनका चरित्र भी उज्ज्वल हो और जिनमें सेवा की भावना हो। जिला कांग्रेस यह जानने के लिए शहर में एक गुप्त सर्वे करवाने जा रही है, जिससे कि योग्यतम उम्मीदवार का चयन हो सके। साथ ही, शहर की दुर्दशा के खिलाफ जयपुर शहर जिला कांग्रेस अगले हफ़्ते से सरकारी भ्रष्टाचार, अतिक्रमण, गंदगी और टूटी सड़कों के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन करने जा रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक रफ़ीक़ ख़ान ने कहा कि बीजेपी सरकार ग़रीब के आशियाने को उजाड़कर उस ज़मीन को अपने चहेतों में लुटा रही है। ख़ुद आदर्शनगर विधानसभा क्षेत्र उसकी मिसाल बन गया है। सरकारी गुंडागर्दी के चलते जयपुर की जनता बीजेपी को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है।

अर्चना शर्मा ने कहा कि “मुझे चुनाव में भाजपा से ज्यादा कांग्रेस के नेताओं से लड़ना पड़ता है। कांग्रेस के नेता ही चुनाव हराते हैं।”  प्रदेश की सह प्रभारी पूनम पासवान की मौजूदगी में आर आर तिवाड़ी और अर्चना शर्मा ने अपनी पीड़ा जाहिर की, तब मंच पर पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक अमीन कागजी, रफीक खान, जयपुर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील शर्मा, पुष्पेंद्र भारद्वाज भी मौजूद थे।

बैठक के दौरान हवामहल से कांग्रेस प्रत्याशी आर आर तिवाड़ी ने कहा कि “मैं जयपुर शहर कांग्रेस का अध्यक्ष था, चुनाव नहीं लड़ना चाहता था, लेकिन पार्टी हाईकमान का आदेश हुआ, तो चुनाव लड़ा, लेकिन कांग्रेस के जयचंदों ने मुझे चुनाव हराने का काम किया। मैं 600 वोटों से चुनाव हारा, क्योंकि कांग्रेस के जयचंदों ने 600 मतदाताओं को अजमेर दरगाह जियारत के नाम पर वोटिंग से एक दिन पहले अजमेर भेज दिया, अगर वो ऐसा नहीं करते तो मैं चुनाव जीत जाता।”
तिवाड़ी ने कहा, “मुझे 95000 वोट मिले थे। मैंने पहले भी कहा था कि मुझे जयचंदों ने चुनाव हराया और अभी कह रहा हूं कि मुझे कांग्रेस के जयचंदों ने चुनाव हराया था। इन जयचंदों की वजह से एक ऐसा व्यक्ति चुनाव जीत गया जो आम लोगों को परेशान करता है।” तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस आरएसएस और भाजपा से नहीं बल्कि कांग्रेस को कांग्रेस के लोग ही चुनाव हराते हैं, यह तरीका ठीक नहीं है।

पूर्व मंत्री शांति धारीवाल के बाद अब आर आर तिवाड़ी ने भी अशोक गहलोत को राजस्थान कांग्रेस का हाई कमान बताते हुए कहा है कि दिल्ली का हाईकमान अलग है, लेकिन अशोक गहलोत राजस्थान कांग्रेस के हाई कमान है, इसमें कोई दो राय नहीं है। उन्होंने राजस्थान के लोगों को बहुत कुछ दिया है। आज उनकी सरकार की कई योजनाएं कई राज्यों में चल रही है, इसलिए अशोक गहलोत की राजस्थान कांग्रेस के आलाकमान है।

पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि पार्टी इस बार बगावत करके चुनाव लड़ने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं देगी, जिसने कांग्रेस पार्टी के लिए काम किया, आंदोलन में आगे बढ़कर जनता के लिए खड़ा रहा। ऐसे लोगो को मौका दिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव, विधानसभा चुनाव में जिन लोगों ने गद्दारी की, उनको को भी टिकट नहीं दिया जाएगा। चाहे किसी भी नेता के सिफारिश आ जाए। लोकसभा सबसे बड़ा चुनाव था, उसमें जो लोग गद्दारी कर रहे थे, वो पार्टी का भला नहीं कर सकते, जो लोग विधानसभा लोकसभा चुनाव में पार्टी छोड़कर गए थे, उनको लेना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के खिलाफ माहौल है, हर मुद्दे पर भाजपा फेल हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *