भाजपा जयपुर शहर की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, बूथ सशक्तिकरण एवं जनसंपर्क अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं का आह्वान
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर की संगठनात्मक बैठक रविवार को भाजपा जयपुर शहर जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष अमित गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ।
बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान तथा पार्टी की विभिन्न गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों को संगठन द्वारा निर्धारित दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जयपुर शहर जिला अध्यक्ष श्री अमित गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सबसे बड़ा बल उसका सशक्त संगठन और समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई मानते हुए उसे और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से घर-घर संपर्क बढ़ाने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा संगठन द्वारा निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम को पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
श्री गोयल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और जनता के बीच निरंतर संवाद ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी मंडलों को समयबद्ध योजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक श्री गोपाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का संगठन राष्ट्रहित, सेवा और सुशासन की विचारधारा पर आधारित है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुँचाए तथा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करे। उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही सुनिश्चित होती है और यही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है।
मीडिया सह प्रभारी नयन माधाणी अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में विधायक श्री बालमुकुंद आचार्य, विधायक प्रत्याशी श्री रवि नैय्यर, जिला महामंत्री श्री नवरतन नराणिया, श्रीमती रेखा राठौड़, श्री राजेश ताम्बी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
भाजपा जयपुर शहर मीडिया विभाग