परीक्षा के लिए NTA के निर्देश जारी,हेल्पलाइन जारी की

नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026 को होने वाली NEET UG RE-EXAM के लिए उम्मीदवारों के ड्रेस कोड और परीक्षा केंद्र में ले जाने वाली वस्तुओं को लेकर एडवाइजरी जारी की है। साथ ही किसी भी स्पष्टीकरण के लिए हेल्पलाइन जारी की है।  अभ्यर्थी NTA हेल्पलाइन 011-69227700 / 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं या neetug2026@nta.ac.in पर ईमेल भेज सकते हैं।

एजेंसी ने सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वह परीक्षा के दिन निर्धारित नियमों का पालन करें, जिससे सुरक्षा जांच और परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके। सभी उम्मीदवार परीक्षा केंद्र के अंदर पारदर्शी पानी की बोतल लेकर जा सकते हैं। इसके अलावा अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड को बारिश से सुरक्षित रखने के लिए पारदर्शी प्लास्टिक पाउच में भी रख सकते हैं।

एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतीक या वस्त्र जैसे पगड़ी, हिजाब या अन्य धार्मिक परिधान पहन सकते हैं। हालांकि ऐसे अभ्यर्थियों को सुरक्षा जांच के लिए परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचना होगा, जिससे फ्रिस्किंग प्रक्रिया आसानी से पूरी की जा सके। उम्मीदवारों को हल्के और साधारण कपड़े पहनने की सलाह दी है। आवश्यकता होने पर फुल स्लीव कपड़े या ऊनी कपड़े पहनने की अनुमति होगी, लेकिन ऐसे अभ्यर्थियों को भी अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ सकता है। एजेंसी ने बताया कि चप्पल और लो-हील फुटवियर परीक्षा के लिए सबसे उपयुक्त रहेंगे। हाई-हील या भारी जूते पहनने वाले उम्मीदवारों की अतिरिक्त जांच की जा सकती है।

परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, संचार उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि किसी अभ्यर्थी के पास ऐसे उपकरण पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। केंद्र पर धातु की वस्तुएं, बड़े बेल्ट बकल, भारी आभूषण और अन्य एक्सेसरीज परीक्षा हॉल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे ऐसे सामान घर पर ही छोड़कर आएं।

सभी उम्मीदवारों की परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अनिवार्य सुरक्षा जांच की जाएगी। एजेंसी ने अभ्यर्थियों से निर्धारित रिपोर्टिंग समय पर केंद्र पहुंचने का आग्रह किया है, जिससे बिना किसी तनाव के जांच प्रक्रिया पूरी हो सके। NTA ने चेतावनी दी है कि ड्रेस कोड और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश देने से मना किया जा सकता है। एजेंसी ने सभी उम्मीदवारों से सहयोग करने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *