जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मीडिया के सामने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और राजस्थान में बदलावों को सामने रखा। दोनों नेताओं ने इसे सुशासन, विकास और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रतीक बताया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में राजनीतिक इच्छाशक्ति कमजोर थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को निर्णायक और सशक्त नेतृत्व दिया। आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से कार्रवाई की जा रही है। राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
वहीं इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के साथ राजस्थान में भी बदलाव दिख रहा है। भजनलाल के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं को पेपर लीक जैसी समस्याओं से राहत मिली और शिक्षा के क्षेत्र में विदेशी भाषाओं का अध्ययन शुरू किया गया। राठौड़ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले सीमाओं पर चुनौतियां थीं। आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार और महंगाई को लेकर लोगों में चिंता थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने निर्णायक नेतृत्व देखा। अब राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर भारत मजबूती से जवाब देता है। आतंकवाद के खिलाफ कठोर नीति अपनाई है। मोदी सरकार ने गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर काम किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए लाखों परिवारों को पक्के घर मिले, घर-घर बिजली पहुंची, शौचालय निर्माण से स्वच्छता को बढ़ावा मिला और बैंकिंग व्यवस्था को आमजन तक पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनधन से करोड़ों लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा। आयुष्मान भारत के जरिए करोड़ों को स्वास्थ्य सुरक्षा दी। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और खेल सुविधा की दिशा में कार्य किए। दशकों से लंबित फैसलों को अवधि में पूरा किया। धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को नई प्राथमिकता दी। अयोध्या, केदारनाथ तथा बद्रीनाथ के विकास कार्यों को गति दी। पानी, ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर राजस्थान में केंद्र के सहयोग से बड़े स्तर पर काम हो रहे हैं। राज्य सरकार का पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। इस वर्ष 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में करोड़ों लोगों तक पहली बार पक्के घर, बिजली, गैस कनेक्शन, शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं पहुंचीं। 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन और 60 करोड़ से अधिक नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला। इन्हीं प्रयासों के कारण 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं। युवाओं के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप, डिजिटल इकोनॉमी और उद्यमिता को बढ़ावा दिया गया। महिलाओं के लिए शौचालय, उज्ज्वला, मुद्रा, आवास और लखपति दीदी जैसी योजनाओं से सशक्त किया गया। किसानों को बीज से बाजार तक सहायता, सिंचाई सुविधाएं, किसान सम्मान निधि और एमएसपी वृद्धि जैसे कदम उठाए गए। मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों से भारत ने आतंक के खिलाफ अपनी स्पष्ट नीति दुनिया के सामने रखी। मुख्यमंत्री ने कहा, केंद्रीय योजनाओं का राजस्थान को व्यापक लाभ मिला. पीएम आवास योजना में लाखों घर बने. हर घर जल अभियान में लाखों परिवारों तक पेयजल पहुंचा। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा बढ़ा। राज्य सरकार जल संरक्षण, ऊर्जा, उद्योग और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है। विकसित भारत के चार स्तंभों में एक प्रमुख स्तंभ किसान हैं। बीते 12 वर्षों में किसानों के लिए बीज से लेकर बाजार तक अनेक पहल की गई। किसानों को उन्नत बीज, सिंचाई सुविधाओं, पीएम किसान सम्मान निधि, एमएसपी में बढ़ोतरी के जरिए संबल दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्र प्रथम की सोच के साथ कड़े और बड़े निर्णय लेने में भी कभी पीछे नहीं हटे। जम्मू कश्मीर से धारा-370 हटाना, जीएसटी लागू करना, वन रैंक वन पेंशन और भारतीय न्याय संहिता को लागू करने जैसे निर्णय हकीकत बने हैं।