नीरज डांगी ने नामांकन दाखिल किया,71 विधायकों का समर्थन

जयपुर। राज्यसभा के लिए उम्मीदवार घोषित होने के बाद शुक्रवार को कांग्रेस के उम्मीदवार नीरज डांगी ने अपना नामांकन दाखिल किया। शुक्रवार को दोपहर नीरज डांगी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मुख्य सचेतक रफीक खान सहित पार्टी के अन्य विधायक प्रस्तावकों की मौजूदगी में चुनाव अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। राज्यसभा उम्मीदवार नीरज डांगी ने तीन नामांकन दाखिल किए हैं। इससे पहले नीरज डांगी विधानसभा पहुंचे। जहां वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस के तमाम विधायकों ने उनका स्वागत किया और इसके पश्चात नीरज डांगी ने नामांकन दाखिल किया।

नामांकन दाखिल करने के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए नीरज डांगी ने राज्यसभा चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर कहा कि यह कांग्रेस की नहीं बल्कि भाजपा की आदत है। उन्होंने कहा कि अगर राज्यसभा चुनाव में चौथा उम्मीदवार आएगा, तो वो भाजपा की तरफ से आएगा। कांग्रेस की तरफ से नहीं। डांगी ने कहा कि जीत के लिए 51 विधायकों का समर्थन जरूरी है. हमारे पास कांग्रेस के 67 और 4 कांग्रेस समर्थित विधायकों को मिलाकर 71 वोटों का समर्थन है। कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत है, कोई परेशानी नहीं होगी। डांगी ने कहा कि 2020 में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान भी भाजपा ने प्रत्याशी उतारा था, लेकिन तब भी कांग्रेस के पास 125 विधायकों का समर्थन था और सभी 125 विधायकों के वोट हमें मिले थे। भाजपा ने सरकारों को गिराने की परिपाटी बना रखी है, लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *