धर्मेंद्र प्रधान के घर बैठक,हमारे विधायकों को 10-10 करोड़ दिए

जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गंभीर आरोप लगाते हुए मानेसर कांड को लेकर कहा कि बीजेपी और मोदी सरकार ने हॉर्स ट्रेडिंग के जरिए कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्य प्रदेश में सरकार गिरने का प्रयास किया था, तब हॉर्स ट्रेडिंग के नाम पर 50 करोड़ तो कहीं 35 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। राजस्थान में भी हमारी सरकार गिराने में कोई कमी नहीं छोड़ी थी। हमारे विधायकों को 10-10 करोड़ रुपये दिए गए थे।

अशोक गहलोत ने जयपुर में मीडिया से कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के घर पर हमारे विधायकों की मीटिंग होती थी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हमारे विधायकों की बैठक लेने मानेसर जाते थे। भाजपा ने तब इतना बड़ा षड्यंत्र किया। गहलोत ने कहा कि तब हमने भाजपा के उस षड्यंत्र को पूरी तरीके से एक्सपोज कर दिया था।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे विधायकों को लेने के लिए भाजपा ने दो हवाई जहाज भेजे थे। जिसमें एक हवाई जहाज खाली वापस गया था, क्योंकि हमने भाजपा को एक्सपोज कर दिया था और बीजेपी के बड़े नेताओं को यह पता लग गया था कि भाजपा के ही विधायक टूटने वाले हैं। उसके बाद ही डर के मारे भाजपा के बड़े नेता बैकफुट पर आए थे। हालांकि, भाजपा नेताओं की ओर से हमारे विधायकों को जो 10-10 करोड़ रुपये दिए गए थे वो वापस नहीं लिए।

गहलोत में पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की टूट को लेकर कहा कि तोड़फोड़ करना भाजपा और एनडीए सरकार की फितरत में है। टीएमसी के 60 विधायक तोड़ दिए गए हैं। कुछ सांसदों के भी टूटने की बात सुनने को मिल रही है। देश में बीजेपी और एनडीए सरकार का जो आतंक है, यह उसी का परिणाम है। कहीं पर भी ईडी, सीबीआई भेजकर विधायकों को डराओ, यह बहुत खतरनाक स्थिति है। गहलोत ने कहा कि पश्चिम बंगाल की संस्कृति त्याग और बलिदान की है. वहां पर 36 साल कम्युनिस्ट पार्टियों का राज रहा, उनका अलग कैडर था। उसके बाद जब ममता बनर्जी की सरकार बनी तो वही कैडर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गया और जब ममता बनर्जी चुनाव हार गईं है तो वही कैडर भाजपा में शामिल हो गया है।

गहलोत ने नेताओं को भी नसीहत देते हुए कहा कि लाइन काटने की बजाय लाइन बड़ी करनी पड़ती है। दुर्भाग्य से राजनीति में एक दूसरे की लाइन को काटो और अपनी लाइन को बड़ी करों, उसमें लोग फेल हो जाते हैं। आगे वही बढ़ेगा जो लाइन को बड़ी करने का प्रयास करेगा। यही मेरा संदेश उन युवा नेताओं को भी है। गहलोत ने कहा कि युवाओं को चाहिए कि वो गरीबों के बीच जाएं। गरीब बस्तियों में जाएं, यही कांग्रेस की परंपरा थी, जो अब खत्म हो गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे मेरी जिंदगी में सब कुछ मिला है। मैंने खूब काम किए हैं। खूब चांस मिले हैं। इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी, नरसिम्हा राव, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ काम किया है। गांधी परिवार का मुझ पर विश्वास रहा है। मैं युवा पीढ़ी से आह्वान करना चाहता हूं कि चाहे वो बीजेपी के हों या कांग्रेस के, अपने आपको जनता की सेवा के लिए समर्पित करें।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार को घमंडी और तानाशाही करार देते हुए कहा कि अगर विपक्ष एक नहीं हुआ और ध्यान नहीं दिया तो मोदी सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति बढ़ती जाएगी। जैसा राहुल गांधी ने कहा है कि यह लोग इमरजेंसी की बुराई करते थे. देश कहीं अब इमरजेंसी की तरफ नहीं बढ़ जाए।राहुल गांधी ने कुछ सोच समझ कर ही कहा होगा, क्योंकि उनके पास फीडबैक आता है। देश में ऐसा माहौल बन रहा है। गहलोत ने कहा कि आज देश में मेनस्ट्रीम मीडिया विपक्ष की आवाज नहीं उठाकर केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहा है। इसलिए विपक्ष के मुद्दों को मजबूती नहीं मिल पाती है. वक्त आ गया है कि मीडिया को भी अपना धर्म निभाना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर गहलोत ने कहा कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बन गए हैं, लेकिन अभी भी वक्त है उन्होंने अपने आप में बदलाव करना चाहिए। राहुल गांधी और विपक्षी दलों से बात करनी चाहिए और अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए। पहले भी कई मौके आए हैं, जब पक्ष विपक्ष एक साथ खड़ा रहा है। अभी जो देश में महंगाई, बेरोजगारी, अमीर गरीब का भेदभाव का गैप बना हुआ है, उसे लेकर लोग चिंतित हैं. नरेंद्र मोदी केवल बड़े उद्योगपति घरानों को फायदा पहुंचा रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमारी सरकार की कई योजनाओं को या तो बंद कर दिया है या उन्हें ठंडे बस्ते में डाल दिया है। जबकि पहले भी कई बार सरकारी बदली है, हम भी कई बार सरकार में रहे हैं। दो बार वसुंधरा राजे मुख्यमंत्री रही हैं. भैरोंसिंह शेखावत मुख्यमंत्री थे, तब कांग्रेस पार्टी ने 156 सीटें जीती थीं और भैरोंसिंह शेखावत की पार्टी की 32 सीट रह गई थी। तब भी किसी सरकार की कोई योजना बंद नहीं हुई, लेकिन भजनलाल सरकार ने कई बड़े प्रोजेक्ट रोक रखे हैं और उनका उद्घाटन भी नहीं कर रहे हैं।

जोधपुर में कई बड़े प्रोजेक्ट बनाकर तैयार हैं, लेकिन उनका उद्घाटन नहीं कर रहे हैं. गहलोत ने कहा कि समझ में नहीं आ रहा कि भाजपा की सरकार को चला कौन रहा है। क्या आरएसएस चला रही है या दिल्ली से पर्ची आती है और यहां पर फैसला लागू किए जाते हैं। यह सरकार फैसले भी लागू नहीं कर पा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *