जयपुर। मनोहरपुर में हुई हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जिले के मनोहरपुर में रामावतार असवाल उर्फ पप्पू हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच के अनुसार आपसी कहासुनी के बाद हुए विवाद के चलते रामावतार की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
घटना के अनुसार 1 जून 2026 को 55 वर्षीय रामावतार असवाल शाम को अपनी कबाड़ी की दुकान पर बैठे थे। इस दौरान उनकी अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी थी। परिजनों की रिपोर्ट पर मनोहरपुर थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शुक्रवार को जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद मीना ने प्रेस वार्ता कर इस पूरे मामले का खुलासा किया है।
उन्होंने बताया कि इस वारदात का खुलासा करने के लिए सीआई सुरेंद्र सिंह और शाहपुरा थानाधिकारी रिया चौधरी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। इस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। टीम ने करीब 150 कैमरों के फुटेज खंगालकर वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश की पहचान की और सोहेल खान को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। उससे वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
पड़ताल में सामने आया है कि रामावतार कई सालों से कबाड़ी का काम करता है। आरोपी सोहेल खान 1 जून की शाम को रामावतार उर्फ पप्पू के घर पर पुराना कूलर खरीदने आया था। कूलर खरीद की बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई और विवाद हो गया। इसके चलते आरोपी ने मौका देखकर दुकान पर बैठे रामावतार पर लोहे के एंगल से हमला किया, जिससे वह नीचे गिर गया। उसके बाद उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया।