बूंदी। हिंडोली विधायक अशोक चांदना पर मुकदमा दर्ज कराया गया हैं। हिंडोली नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी जितेंद्र मीणा को कथित रूप से फोन पर धमकी देने के मामले में उनके खिलाफ हिंडोली थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने धमकाने सहित एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ था।
हिंडोली पुलिस उपाधीक्षक अजित मेघवंशी ने बताया कि मामले की जांच अब सीआईडी सीबी जयपुर को सौंपी जाएगी। पूरा विवाद हिंडोली नगर पालिका क्षेत्र में खसरा संख्या 6326/2867 पर बने पट्टों और कथित अतिक्रमण की जांच को लेकर शुरू हुआ। शिकायत के अनुसार, नगर पालिका प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही थी, जिसको लेकर विधायक अशोक चांदना नाराज हो गए। ईओ जितेंद्र मीणा ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि विधायक ने फोन कर उन्हें धमकाया और कार्रवाई रोकने का दबाव बनाया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो और बातचीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो सामने आने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस समर्थक इसे कार्यकर्ताओं के पक्ष में नेता की आक्रामक शैली बता रहे हैं, जबकि विपक्षी दल इसे प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाने और धमकाने की कोशिश करार दे रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने भी इस मामले को लेकर कांग्रेस और अशोक चांदना पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं। नगर पालिका ईओ जितेंद्र मीणा ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया कि संबंधित व्यक्ति ओमप्रकाश सुवालका पहले भी कार्यालय आकर उन्हें धमकी दे चुके थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत भी प्रकरण दर्ज किया गया है। मेघवंशी ने बताया कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच जयपुर द्वारा की जाएगी।