राजस्थान में तमाशा चल रहा है, विधायक-इंजीनियर भिड़ रहे,सीएम मौन

 

राजस्थान में सरकार नहीं तमाशा चल रहा है, विधायक-इंजीनियर भिड़ रहे और सीएम मौन : टीकाराम जूली , नेता प्रतिपक्ष राजस्थान विधानसभा

विधायक – इंजीनियर मारपीट मामले की हो उच्चस्तरीय जांच, निर्दोष के साथ न हो अन्याय
राहुल गाँधी का एग्जिट पोल सौ फ़ीसदी सही, चुनाव ख़त्म होते ही कमर्शियल सिलेंडर के दाम बेतहाशा बढ़ाकर गरीब के पेट पर मोदी सरकार ने मारी लात

जयपुर। राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की वर्तमान कानून-व्यवस्था और बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। जूली ने कहा कि राजस्थान में आज सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है, बल्कि यहां एक तमाशा चल रहा है जहाँ हर तरफ अराजकता का माहौल है। उन्होंने प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बढ़ते टकराव पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में संवैधानिक मर्यादाएं तार-तार हो रही हैं।

भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी और इंजीनियर्स के बीच हुए मारपीट वाले प्रकरण पर कटाक्ष करते हुए जूली ने कहा कि प्रदेश में अजीबोगरीब स्थिति बनी हुई है। एक दिन पहले खबर आती है कि इंजीनियर्स ने विधायक को पीटा, और आज इंजीनियर्स आरोप लगा रहे हैं कि विधायक ने उनके साथ मारपीट की।
यह विरोधाभास दर्शाता है कि प्रदेश में सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। नेता प्रतिपक्ष ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की एक उच्चाधिकार प्राप्त कमेटी द्वारा निष्पक्ष तथ्यात्मक जांच करवाई जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि आवश्यकता हो तो एक कमेटी बनाकर इसकी पड़ताल हो, ताकि ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ हो सके। जूली ने स्पष्ट किया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।

जूली ने कटाक्ष किया कि प्रदेश के ऐसे हालातों में मुख्यमंत्री  प्रेजेंट होते हुए भी ‘एब्सेंट’ नजर आ रहे हैं। प्रदेश में किसी को महसूस ही नहीं होता कि कोई सरकार चल रही है। प्रशासन पर से नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो चुका है और जनता खुद को लावारिस महसूस कर रही है।

भाजपा सरकार के जनविरोधी चेहरे को बेनकाब करते हुए जूली ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹993 की बेतहाशा वृद्धि करके सरकार ने साबित कर दिया है कि उसे गरीबों के हितों से कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी जी ने चुनाव के समय ही आगाह किया था कि ‘चुनाव के बाद महंगाई की गर्मी आएगी’ और आज उनका वह एग्जिट पोल 100% सही साबित हो रहा है। भाजपा ने केवल चुनाव खत्म होने का इंतजार किया और मौका मिलते ही जनता की जेब पर डाका डाल दिया।

जूली ने महंगाई के आंकड़ों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब ₹3,099 तक पहुंच गई है। ऐसे समय में जब छोटा व्यवसायी, ठेला चलाने वाले और अन्य मेहनतकश लोग पहले से ही आसमान छूती महंगाई से जूझ रहे हैं, यह वृद्धि उनके पेट पर लात मारने जैसा है।
उन्होंने सवाल किया कि अगर एक गरीब आदमी इतना महंगा सिलेंडर खरीदेगा, तो वह दिनभर की मेहनत के बाद क्या कमाएगा और अपने परिवार के लिए क्या बचा पाएगा? यह कदम साफ तौर पर गरीब विरोधी है और स्पष्ट करता है कि भाजपा की नीतियां केवल पूंजीपतियों को लाभ पहुँचाने के लिए हैं, गरीबों को कुचलने के लिए नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *