नई दिल्ली। देश भर में कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा हो गया है और इस बार बड़ी बढ़ोतरी करते हुए 993 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। कुल मिलाकर पिछले 4 महीने के दौरान कमर्शियल गैस सिलेंडर पर कुल मिलाकर 1518 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। वही इस बार 5 किलो के छोटे सिलेंडर को भी महंगा कर दिया गया है और उसकी कीमत 261 रुपए बढ़ा दी गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में देश महंगाई की मांग झेलता हुआ नजर आएगा। संभावना है कि कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी वृद्धि होगी।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में बड़ी बढ़ोतरी के बाद कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बढ़ती महंगाई का बोझ आम जनता पर डाल दिया है और चुनाव के बाद कीमतों में बढ़ोतरी की है।। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि देश उन्हें “प्राइस हाइक मैन” के तौर पर याद रखेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में महंगाई तेजी से बढ़ी है। तिवारी ने कहा कि देश नरेंद्र मोदी को ‘प्राइस हाइक मैन’ के तौर पर याद रखेगा। उनकी महंगाई की रफ्तार सभी मिसाइलों से ऊपर जा रही है। मैं कहना चाहता हूं कि आज सिलेंडर की कीमत लगभग 1000 रुपये बढ़ गई है। जो कीमत जनवरी में थी, वह आज दोगुनी हो गई है। यह 3000 रुपये से ऊपर पहुंच गई है। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि मोदी जी, अगर आपकी नीति और नीयत दोनों सही थी, तो आपने 29 अप्रैल से पहले इसे क्यों नहीं बढ़ाया ? आप 29 अप्रैल को चुनाव होने का इंतजार क्यों करते रहे? तो आपने जनता को धोखा दिया है, उनके भरोसे को तोड़ा है, और आपको इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी इस बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाान साधा। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, “सिलेंडर महंगा नहीं होता, रोटी-थाली महंगी होती है। ये बात वही जानता है जो खुद खरीदकर खाता है, वो नहीं जो दूसरों के यहां जाकर खाता है या दूसरों की थाली से चुराता है। सिलेंडर महंगा करना था तो सीधे 1000 रूपये महंगा कर देते। 1000 में 7 रुपये कम करके ये भाजपा वाले किस पर एहसान कर रहे हैं।
उन्होंने आगे लिखा, “भाजपा ‘महंगाई, बेरोजगारी, बेकारी व मंदी’ पर निंदा प्रस्ताव कब लाएगी?
गौरतलब है कि सरकार ने 1 मई यानी आज से कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में करीब 993 रुपये की बढ़ोतरी की है. जिससे दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत आज से 3,071.50 रुपये हो गई है. इससे बढ़ोतरी महंगाई और बढ़ने की संभावना है. हालांकि, सरकार ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है.