हमने पचपदरा रिफाइनरी परियोजना को पूरा किया, कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार किया

जोधपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जोधपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने सवा दो साल में दिन-रात एक करके पचपदरा रिफाइनरी परियोजना को पूरा किया, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार ने वहां भ्रष्टाचार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रिफाइनरी में आग की घटना दुखद है, लेकिन कांग्रेस के लोग उस पर राजनीति कर रहे हैं।

महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को अधिकार नहीं देना चाहती, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने महिला आरक्षण देकर उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया। किसानों को दिन में बिजली देने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने जल्द ही 24 घंटे बिजली देने की घोषणा की। इस दौरान सीएम ने 26,202.73 लाख रुपए की लागत के 41 कार्यों का शिलान्यास तथा 15,425.58 लाख रुपए की लागत के 70 कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें ऊर्जा, चिकित्सा, नगरीय विकास, कृषि, ग्रामीण विकास, खेल, सहकारिता, पशुपालन, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं सार्वजनिक निर्माण विभागों से जुड़े कार्य शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि रिफाइनरी की आग की घटना को लेकर कांग्रेस के लोग टिप्पणी कर रहे हैं, जबकि यह हमारी धरोहर है। यह देश की बड़ी रिफाइनरी है। कांग्रेस ने वहां भ्रष्टाचार किया। बाड़मेर व जैसलमेर की जनता जानती है। उन्होंने जमीनों की बंदरबांट की थी। मैं साफ कह रहा हूं कि किसी तरह की गुंडागर्दी नहीं चलेगी।
सीएम ने पहले किसानों से पूछा कि बिजली अब कैसी मिल रही है, फिर कहा- कांग्रेस के राज में नहीं मिलती थी। हमारा वादा था, हम पूरा कर रहे हैं। दिन में किसानों को बिजली दे रहे हैं। जल्द ही उपभोक्ताओं को भी 24 घंटे बिजली देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस राज में हमेशा पेपर लीक होते थे, जबकि हमारे दो साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सवा लाख नियुक्तियां दी गई हैं। युवाओं से कहा कि नौकरी के लिए मन लगाकर पढ़ें और यदि देने वाले बनना चाहते हैं तो उद्योग लगाएं। इसके लिए 50 लाख से एक करोड़ तक का ब्याज रहित ऋण दिया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *