जयपुर। पिछली कांग्रेस सरकार लगातार पेपर लीक का दंश झेल रही थी, लेकिन जैसे ही अब नीट का पेपर लीक हुआ है और परीक्षा कैंसिल करनी पड़ी है,तो कांग्रेस के हाथ में एक बड़ा मुद्दा लग गया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस ने इस मुद्दे को भुनाते हुए लगातार पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर प्रदर्शन करने के बाद में आज प्रदेश कांग्रेस के बैनर तले जयपुर में प्रदर्शन का ऐलान किया था। प्रदर्शन के साथ भाजपा मुख्यालय घेराव के इस कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ में कांग्रेस में नया जोश भर दिया है।
नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा मुख्यालय की तरफ कूच किया। हालांकि पुलिस कमिश्नरेट के सामने पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका। हालांकि भीषण गर्मी के बावजूद राजस्थान के लगभग सभी जिलों से कांग्रेस केनेता और कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का मुक्की भी हुई। हल्का बल प्रयोग भी हुआ, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संख्या ज्यादा होने के बाद भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार, धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने करीब आधे घंटे तक पुलिस कमिश्नरेट के सामने वॉटर कैनन के बीच ही धक्का मुक्की की और नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार नहीं होगा, तब तक कांग्रेस नीट पेपर लीक मामले को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।
भाजपा मुख्यालय के घेराव से पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए एक सभा का आयोजन किया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता डोटासरा और जूली के नेतृत्व में पैदल मार्च करते हुए संसार चंद्र रोड गवर्नमेंट हॉस्टल होते हुए पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे, जहां पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पहले ही बैरिकेड्स लगाए हुए हुए थे।
कांग्रेस के कई कार्यकर्ता पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़कर बैरिकेड्स पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं को उतरने के लिए भी कहा गया, लेकिन वो नहीं उतरे जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी कार्यकर्ताओं के कंधे पर चढ़कर बैरिकेड्स की तरफ बढ़ने लगे। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पानी में भीगते रहे, लेकिन वो वहां से नहीं हटे।
पिछले ढाई साल में यह प्रदेश कांग्रेस का सबसे बड़ा प्रदर्शन कहा जा रहा है। जिसमें हजारों की तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश भर से इस पैदल मार्च में शामिल होने के लिए जयपुर पहुंचे थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नीट पेपर चोर बताया. डोटासरा ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान नीट चोर हैं। जब से एनटीए बना है, तब से ही धर्मेंद्र प्रधान की मिलीभगत से उनके लोगों के द्वारा पेपर चोरी किया गया है। लाखों बच्चों का भविष्य बर्बाद कर दिया गया है।
राहुल गांधी ने 2024 में कहा था कि नीट पेपर चोरी हो रहे हैं। इस पर चर्चा करो, लेकिन सरकार ने उनकी बात नहीं मानी, क्योंकि सरकार खुद चोर है। इसलिए जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होगा, तब तक कांग्रेस इस मामले में पीछे हटने वाली नहीं है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होना चाहिए. धर्मेंद्र प्रधान जिस तरह से बीजेपी के नेताओं को बचाने का प्रयास कर रहे हैं वो गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए. यह लोग युवाओं का भविष्य बर्बाद करने पर तुले हुए हैं।