गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित विजय नगर थाना क्षेत्र में पत्नी से हुई छेड़छाड़ का बदला लेते हुए पति ने आरोपी मनचले पर तलवार से हमला कर उसका कान काट दिया। इस घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए कान काटने वाले व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विजयनगर में एक मनचले की हरकतों से परेशान महिला ने अब चुप्पी तोड़ी है। महिला का आरोप है कि आरोपी युवक पिछले कई दिनों से उस पर गंदे कमेंट्स पास कर रहा था। गुरुवार शाम जब वह घर से बाहर निकली, तो आरोपी ने रास्ते में उसके साथ छेड़छाड़ की। इस घटना से सहमी महिला ने तुरंत अपने पति को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
पति ने छेड़छाड़ के आरोपी पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बाइक से गोकुलधाम सोसायटी से गुजर रहा था। तभी एक व्यक्ति ने उस पर तलवार से हमला कर दिया। तलवार लगने से उसका आधा कान कटकर नीचे गिर गया। जान से मारने की नीयत से हमला किया था। उसने भागकर अपनी जान बचाई। तलवार से हमला करने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने संज्ञान लिया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
अवैध संबंधों के संदेह में एक पड़ोसी दूसरे की जान का दुश्मन बन गया। वायरल सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे आरोपी नितिन, तलवार लहराते हुए अपने पड़ोसी अभिषेक पर टूट पड़ा। घटना 16 अप्रैल की शाम की है, जब बाहर खड़े अभिषेक पर अचानक हमला हुआ। इस हमले में अभिषेक लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।