अहमदाबाद। कप्तान शुभमन गिल की शानदार पारी की बदौलत आईपीएल के 25वें मैच में गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से मात देकर अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की ही। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गुजरात को जीत के लिए 181 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसको उन्होंने कप्तान शुभमन गिल के 50 गेंदों पर 86 रनों की बदौलत 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ गुजरात अंक तालिका में 6 पॉइंट्स के साथ चौथे नंबर पर पहुंच गया है।
शुभमन गिल ने 50 गेंदों की शानदार पारी में 8 चौके और 4 छक्के लगाए। इस पारी की वजह से गिल प्लेयर ऑफ दी मैच बने। गिल के अलावा साई सुदर्शन ने 22, बटलर ने 25 और फिलिप्स ने 19 रनों की छोटी छोटी लेकिन उपयोगी पारियां खेली। केकेआर की तरफ से वरुण ने दो विकेट लिए, जबकि सुनील, वैभव और रमनदीप के एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले केकेआर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में कैमरून ग्रीन के 79 रनों की जोरदार पारी की बदौलत 10 विकेट खोकर 180 रन बनाए। ग्रीन ने 54 गेंद में 79 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के भी लगाए। इसके अलाव रोमान पावेल ने 27 रनों की छोटी पारी खेली। कप्तान रहाणे शून्य, रघुवंशी 8, सेफर्ट 19, रिंकू सिंह 1 और रमनदीप सिंह 17 रन ही बनाकर फेल साबित हुए।
गुजरात की तरफ से रबाड़ा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं सिराज और अशोक ने 2-2 विकेट लिए। जबकि प्रसिद्ध और राशिद खान को एक-एक विकेट मिला। केकेआर की इस सीजन में ये लगातार 5वीं हार है, जो किसी भी आईपीएल सीजन की शुरुआत में उनकी लगातार सबसे बड़ी हार है। अंक तालिका में वो अभी भी 10वें ही नंबर पर है,क्योंकि 6 मैच में से 5 में हार का सामना करना पड़ा है और एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था।