जयपुर। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और 25 सांसदों को धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ कांग्रेसजनों ने पुलिस को शिकायत की है।
प्रदेश कांग्रेस और राजस्थान युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक, जयपुर पश्चिम को लिखित शिकायत देकर कोटा निवासी राज सिंह अमेरा द्वारा सोशल मीडिया माध्यम से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा लगभग 25 सांसदों को जान से मारने की धमकी एवं उनके निवास स्थान पर तोड़-फोड़ करने संबंधी आपराधिक वक्तव्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज (एफआईआर) कर निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं प्रभावी जांच कराए जाने की मांग की गई।
इस अवसर पर जितेंद्र सिंह नरुका (प्रवक्ता, पीसीसी), सुशील पारीक (प्रदेश अध्यक्ष, पर्यावरण प्रकोष्ठ, पीसीसी) तथा बजरंग सिंह शेखावत (स्टेट कोऑर्डिनेटर, विधि प्रकोष्ठ, राजस्थान युवा कांग्रेस), कांग्रेस कार्यकर्ता कोशलेंद्र माहेश्वरी (मामा), प्रदीप सिंह केलाई सहित अन्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध सार्वजनिक रूप से दी गई आपराधिक धमकियाँ प्रथम दृष्टया लोकशांति, सार्वजनिक व्यवस्था एवं सामाजिक सद्भाव को प्रभावित करने वाली गंभीर प्रकृति की हैं। उक्त प्रकरण पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रासंगिक दंडात्मक धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कठोर विधिक कार्यवाही, निष्पक्ष जांच तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी निवारक उपाय सुनिश्चित किए जाएँ।