गुवाहाटी | यहां खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियन को 27 रनों से हराकर सीजन में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। बारिश से बाधित हुए मैच को 11-11 ओवर का कर दिया गया। मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की । रॉयल्स ने वैभव के 14 गेंद में 39 और जायसवाल के 32 गेंद में 77 रनों की बदौलत 3 विकेट खोकर 150 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
जवाब में खेलने उतरी मुंबई की टीम की शुरुआत सही नहीं रही,ऐसे में टीम 11 ओवर में 9 विकेट खोकर 123 रन ही बना सकी और 27 रनों से मैच हार गई। राजस्थान की शानदार गेंदबाजी के सामने मुंबई का टॉप ऑर्डर पुरी तरह से फ्लॉप रहा। रोहित 5, रिकल्टन 8, सूर्या 6, हार्दिक 9 और तिलक 14 रन ही बना सके। इसके अलावा नमन धीर और इम्पैक्ट प्लेयर रेदरफोर्ड ने 25-25 रनों की कुछ अच्छी पारी खेली। जिससे मुंबई 100 के पार पहुंच सका और हार के अंतर को कुछ कम किया। राजस्थान की तरफ से बर्गर, बिश्नोई और संदीप को 2-2 विकेट मिले, जबकि तुषार और आर्चर को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले वैभव और जयसावाल ने शानदार शुरुआत करके राजस्थान के लिए बड़े स्कोर की नीव रखी। वैभव सूर्यवंशी ने 14 गेंद में 39 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 5 छक्के शामिल थे। खास बात ये है कि उन्होंने दो छक्के जसप्रीत बुमराह को और एक छक्का ट्रेंट बोल्ट को भी लगाया। वहीं जायसवाल 32 गेंद में 77 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्होंने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 4 छक्के लगाए। इस पारी की वजह से उनको प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी दिया गया।