दिल्ली रैली में राजस्थान से एक लाख कांग्रेस कार्यकर्ता जाएंगे

जयपुर । कांग्रेस की ओर से नई दिल्ली में होने वाली ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान के तहत 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली महारैली की तैयारी बैठक के बाद संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने दावा किया कि इस रैली में राजस्थान से एक लाख लोग पहुंचेंगे। तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस की ओर से तमाम जिलाध्यक्षों, विधायकों, सांसदों और पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिल्ली जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस सिलसिले ने पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल रविवार को जयपुर पहुंचे और कांस्टीट्यूशन क्लब में पार्टी के प्रमुख नेताओं जिलाध्यक्षों, विधायकों, सांसदों की बैठक ली और दावा किया दिल्ली महारैली में राजस्थान से 1 लाख कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
वहीं बैठक के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल दावा किया कि 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में राजस्थान से एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल होंगे। वेणुगोपाल ने कहा कि यह रैली किसी व्यक्ति की या पार्टी की नहीं बल्कि देश के आम मतदाता के वोट की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के साथ ही हरियाणा को भी एक लाख लोगों की भीड़ का टारगेट दिया गया है। वेणुगोपाल ने यह भी दावा किया कि रामलीला मैदान में होने वाली रैली में देशभर से 10 लाख लोग जुटेंगे। रैली के साथ ही पैदल मार्च भी आयोजित होगा।
वेणुगोपाल ने कहा कि एसआईआर के नाम पर देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। यह बहुत ही गंभीर और चिंता का विषय है। उन्होंने चुनाव आयोग के फैसलों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि रोज नए संशोधन सामने आ रहे हैं। जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से नहीं हटाया जाता है, तब तक कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का बिल्कुल क्लियर स्टैंड है कि देश में फ्री एंड फेयर इलेक्शन होना चाहिए।
राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को राहुल गांधी के दौरे के बारे में नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों के बारे में सोचना चाहिए। वेणुगोपाल ने दिल्ली के व्यापारियों की ओर से राहुल गांधी को लिखे पत्र के सवाल पर भी कहा कि 1 नवंबर को 10 लाख लोगों के दिल्ली पहुंचने का फायदा व्यापारियों को ही होगा। क्योंकि जो लोग बाहर से आएंगे वो दिल्ली में खरीदारी करेंगे और इससे व्यापार बढ़ेगा।
कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित बैठक में वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस के तमाम जिलाध्यक्षों, विधायकों, सांसदों से रैली की तैयारी को लेकर फीडबैक लिया। साथ ही निर्देश दिए की अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली लेकर पहुंचे। बैठक में प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट, भंवर जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *