उदयपुर। शहर के कुम्हारों का भट्टा स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कपड़ा व्यापारी के इलाज में कथित लापरवाही को लेकर मंगलवार रात परिजनों और रिश्तेदारों के हंगामे और डॉक्टरों से मारपीट की घटना के बाद मौके पर पहुंचे इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता के साथ की गई धक्का-मुक्की और मारपीट के बाद प्रदेश के बाद डॉक्टर में गहरा रोष देखने को मिला है।
घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन ने बताया कि अस्पताल में मारपीट की शिकायत के बाद 9 लोगों को डिटेन किया है। घटना के विरोध में चिकित्सकों ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया एवं अस्पतालों की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की। जानकारी के अनुसार लसाड़िया क्षेत्र के कूण निवासी कपड़ा व्यापारी कुलदीप जैन मंगलवार को बाइक से उदयपुर आ रहे थे। कानोड़ के पास सड़क पर नीलगाय आने से बाइक हादसे में जैन के दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए। राहगीरों ने एम्बुलेंस से निजी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां दोपहर में ऑपरेशन किया गया।
ऑपरेशन के बाद जैन के परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद कुलदीप जैन को होश नहीं आया। मरीज के भाई कमलेश जैन ने बताया कि उनका भाई अस्पताल पहुंचने तक सामान्य स्थिति में था और खुद चलकर अस्पताल में दाखिल हुआ था। ऑपरेशन के बाद हालत को लेकर परिवार की चिंता बढ़ी और रात करीब 9 बजे अस्पताल में विवाद शुरू हो गया। हंगामे की सूचना पर तीन थानों की पुलिस, संबंधित थाना अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा मौके पर पहुंचे। इसी दौरान डॉक्टरों के समर्थन में IMA प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता भी अस्पताल पहुंचे। डॉ. आनंद गुप्ता ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने ऑपरेशन थियेटर में घुसकर डॉक्टरों से मारपीट की। उनका कहना था कि डॉ. नवीन गोयल के साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे भी अभद्रता की गई और कपड़े फाड़े दिए। उन्हें सड़क पर घसीटा गया। डॉ. गुप्ता ने बुधवार को चेताया कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो चिकित्सक काम बंद करने को मजबूर होंगे। इस मामले को लेकर आरएनटी मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की बैठक में आगे की रणनीति बनाई गई।