जयपुर में प्रदर्शन के दौरान घायल करणी सैनिक की मौत, कार्यकर्ताओं में आक्रोश

जयपुर। यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर जयपुर में किए गए प्रदर्शन के दौरान वाटर कैनन चलाये जाने से तबीयत बिगड़ने के बाद एसएमएस अस्पताल मैं भर्ती कराए गए करणी सेना के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई है और इसी के साथ करनी सेना कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ गया है।

राजधानी में यूजीसी के नए प्रस्तावित नियमों के विरोध में प्रदर्शन के दौरान वाटर केनन चलाए जाने के दौरान घायल हुए करणी सेना के कार्यकर्ता देवराज की इलाज के दौरान मौत हो गई। श्री राजपूत करणी सेना द्वारा देशोनक से जयपुर तक निकाली गई ‘सवर्ण न्याय पैदल यात्रा’ के समापन पर जयपुर के कलेक्ट्रट पर पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की भारी झड़प हुई थी। आंदोलनकारियों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और पानी की बौछार की कार्रवाई के बाद देवराज की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत सवाई मान सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रैली के दौरान पुलिस ने बर्बरतापूर्वक बल प्रयोग किया। महिपाल सिंह के अनुसार, वॉटर कैनन की बेहद तेज बौछार सीधे देवराज को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गए और उनकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल में डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद देवराज की जान नहीं बचाई जा सकी।
देवराज की मौत की खबर फैलते ही करणी सेना के कार्यकर्ताओं और राजपूत समाज के संगठनों में भारी आक्रोश है। संगठन ने इस घटना को पुलिस की ज्यादती बताते हुए मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और वॉटर कैनन चलाने का आदेश देने वाले जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। यूजीसी के प्रस्तावित नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर श्री राजपूत करणी सेना ने ‘सवर्ण न्याय पैदल यात्रा’ निकाली थी। देशनोक से शुरू हुई यह यात्रा रविवार को जयपुर पहुंची थी. यात्रा के समापन पर जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन सरकार ने कानून व्यवस्था के लिहाज से यात्रा को शहर के अंदर आने की अनुमति नहीं दी। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था और वाटर केनन का उपयोग किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *