जयपुर। जयपुर के बनीपार्क थाना इलाके में 11 महीने पहले ही अमेरिका से लौट भाई ने प्रॉपर्टी विवाद में बड़े भाई पर डंडे और चाकू से हमला कर हत्या कर दी। हत्या उस समय की गई,जब बड़ा भाई मंदिर जाने के लिए घर से निकला और सड़क पर पहुंचते ही छोटे ने चाकू मार दिया। पुलिस ने शव को सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया एवं आरोपी भाई मुरली को गिरफ्तार कर लिया।
थाना अधिकारी सुरेश कुमार यादव ने बताया कि संत कंवर राम पार्क के पीछे सिंधी कॉलोनी निवासी श्याम बगानी मंगलवार सुबह स्कूटी से घर से मंदिर जाने निकले। घर से कुछ मीटर दूर राम पार्क के सामने उनके छोटे भाई मुरली ने रास्ता रोक लिया। बड़ा भाई कुछ समझ पाता ,उससे पहले ही स्कूटी रोकते ही मुरली ने श्याम को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। डंडे से वार के बाद मुरली ने चाकू निकाला एवं बड़े भाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के हमले से श्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर घायल श्याम को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। इसी के साथ पुलिस ने आरोपी छोटे भाई मुरली को गिरफ्तार कर लिया।
शुरुआती जांच के अनुसार दोनों भाइयों में पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद था। बड़े भाई की ओर से प्रॉपर्टी में हिस्सा नहीं देने की बात पर दोनों में विवाद हुआ। आरोपी मुरली अपनी दूसरी पत्नी और बच्चों के साथ अमेरिका में रहता था। करीब 11 महीने पहले ही अमेरिका से जयपुर लौटा था। आरोपी के बच्चे और पत्नी अभी अमेरिका में ही हैं।
आरोपी मुरली के खिलाफ अमेरिका जाने से पहले करीब 24 साल पूर्व जयपुर के महिला थाना नॉर्थ में दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज हुआ था। मुरली की पहली पत्नी ने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। 24 साल बाद मुरली जयपुर लौटा तो 6 सितंबर को पुलिस ने दहेज प्रताड़ना मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल से बाहर आने के बाद प्रॉपर्टी बंटवारे को लेकर मुरली का बड़े भाई श्याम से विवाद शुरू हो गया। मंगलवार सुबह मुरली बड़े भाई श्याम के घर के बाहर पहुंचा और मंदिर जाते समय हमला कर दिया।
Latest News Update