चंद्रशेखर बावनकुले बोले—यह प्रत्येक कार्यकर्ता का चुनाव, पूरी जिम्मेदारी और समर्पण से जुटें
रोहन गुप्ता बोले—हर बूथ पर बनेगी प्रशिक्षित डिजिटल टीम, डैशबोर्ड से होगी अभियान की समीक्षाअमित गोयल बोले—दिल से दिल मिलाकर व्यक्ति को व्यक्ति से जोड़ेंगे और प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाएंगे
जयपुर। आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा जयपुर शहर के आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक भाजपा जयपुर शहर कार्यालय में आयोजित हुई।
भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
अमित गोयल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बूथ स्तर तक डिजिटल चुनाव प्रबंधन, सोशल मीडिया नेटवर्क और घर-घर जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री एवं भाजपा के पूर्व महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि नगर निकाय चुनाव किसी एक प्रत्याशी अथवा नेता का नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता का चुनाव है। सभी कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ चुनाव अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रत्येक गली, मोहल्ले और घर तक पहुंचकर जनता से सीधा संवाद करना होगा। जिससे मजबूत संगठन और केंद्र एवं राज्य सरकार के विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएं तथा जयपुर में ऐसा परिणाम दें जिसका संदेश पूरे राजस्थान में जाए।
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर चार से पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की डिजिटल टीम तैयार कर उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। इन कार्यकर्ताओं को मोबाइल आधारित व्यवस्था से जोड़कर मतदाता सूची, जनसंपर्क की स्थिति तथा वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि डिजिटल डैशबोर्ड के माध्यम से बूथ एवं वार्ड स्तर पर जनसंपर्क अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी। इससे कितने मतदाताओं से संपर्क हुआ, कितना संपर्क शेष है और किन बूथों पर अतिरिक्त प्रयास की आवश्यकता है, इसकी अद्यतन जानकारी संगठन को मिलती रहेगी।
भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि आगामी दिनों में सभी वार्डों में बैठकें आयोजित कर प्रत्येक बूथ के पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षित कार्यकर्ता घर-घर संपर्क के दौरान आवश्यक जानकारी मोबाइल एप्लिकेशन में दर्ज करेंगे, जिससे बूथ स्तर पर किए जा रहे कार्यों की वास्तविक समय में समीक्षा हो सकेगी।
गोयल ने कहा बूथ स्तर तक किए गए प्रत्येक कार्य को व्यवस्थित रूप से दर्ज किया जाएगा। इससे उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की पहचान होगी और उन्हें सम्मान भी मिलेगा।”
उन्होंने कहा कि चुनाव में केवल हाथ से हाथ नहीं, बल्कि “दिल से दिल मिलाना है, व्यक्ति को व्यक्ति से जोड़ना है और प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाना है।” मजबूत संगठन, प्रभावी जनसंपर्क और आधुनिक तकनीक का समन्वय भाजपा की चुनावी ताकत को और अधिक मजबूत करेगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, प्रवीण दरेकर, बोरीवली विधायक एवं भाजपा मुंबई के पूर्व महामंत्री संजय उपाध्याय, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री संजय भेगड़े, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता, मुख्यमंत्री कार्यालय प्रमुख आशीष कुलकर्णी, भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल, जिला महामंत्री नवरतन नाराणिया, रेखा राठौड़ एवं राजेश तांबी तथा जिला आईटी संयोजक राजेश गौतम सहित आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के जिला, मंडल एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।