व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग के नाम पर जनता को परेशान करना बंद करे भाजपा सरकार
जयपुर। पूर्व परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि राजस्थान की भाजपा सरकार व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग (VLTD) के नाम पर वाहन मालिकों और आम जनता को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों और अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण हजारों वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
खाचरियावास ने कहा कि भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। मुख्यमंत्री और मंत्री जनता की परेशानी दूर करने के बजाय अपनी जेब भरने में लगे हुए हैं। जनता की मेहनत की कमाई को नए-नए नियमों और योजनाओं के नाम पर अपनी जेब भरना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पहले ही महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते आर्थिक बोझ से परेशान है, ऐसे समय में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग के नाम पर अतिरिक्त खर्च और परेशानियां थोपना जनता के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता के साथ धोखा किया गया, नंबर प्लेट के नाम पर जनता को परेशान किया गया और अब व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग के नाम पर लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। भाजपा सरकार बार-बार नए नियमों का डर दिखाकर जनता को गुमराह कर रही है और जनता की जेब से पैसा निकालने का काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता का अभाव है और सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जनता से वसूले जा रहे पैसे का हिसाब क्या है। यदि व्यवस्था जनहित के लिए है तो जनता को सुविधा मिलनी चाहिए, परेशानियां नहीं।
खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी। सरकार ने यदि इस जनविरोधी व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो कांग्रेस सड़क से लेकर हर आंदोलन में वाहन मालिको का पूरा साथ देगी और जनता के हक की लड़ाई लड़ेगी।