दिल्ली को शटडाउन करने पर आमादा हुई मोदी सरकार : टीकाराम जूली, नेता प्रतिपक्ष राजस्थान विधानसभा*
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बचाव में केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली में की जा रही कड़ी नाकाबंदी और सार्वजनिक परिवहन को ठप्प करने पर भाजपा सरकार पर करारा प्रहार किया है।
जूली ने जारी एक बयान में कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उठ रही आवाजों को दबाने और उन्हें बचाने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार पूरी दिल्ली को ठप्प करने पर उतर आई है। दिल्ली में 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है, ट्रेनें बंद की जा रही हैं, जगह-जगह बैरिकेड लगाकर रास्ते रोके जा रहे हैं। इसकी वजह से नागरिकों को बहुत परेशानी हो रही है।नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “हमारी सबसे बड़ी चिंता उन हजारों छात्रों और आम यात्रियों के लिए है, जो अलवर, भरतपुर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों व देश के अन्य राज्यों से रोज अपनी रोजी-रोटी कमाने, काम-धंधे और पढ़ाई के लिए दिल्ली आते हैं। इस प्रकार पूरी दिल्ली की किलेबंदी करके भाजपा सरकार आखिर क्या जताना चाहती है? यह अघोषित और तानाशाही पूर्ण ‘शटडाउन’ है ।
जूली ने पूछा कि केंद्र की मोदी सरकार इस तरह से दमनकारी नीतियां अपनाकर पूरी दुनिया में दिल्ली और भारत के लोकतंत्र की क्या छवि पेश करना चाहती है? उन्होंने याद दिलाते हुए कहा, “जब भाजपा विपक्ष में थी, तब महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर ये लोग धरना दिया करते थे, तब उन्हें लोकतंत्र याद आता था। लेकिन आज सत्ता के मद में ये सरकार जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर आए विद्यार्थियों और युवाओं पर लाठियां भांज रही है, उन्हें पीट रही है और पैलेट गन तक का इस्तेमाल कर रही है।”
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने चेतावनी देते हुए कहा कि मोदी सरकार की इस खुली तानाशाही और जनविरोधी रवैये को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी जनता के साथ खड़ी है और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक हर लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।