जयपुर। जयपुर और जोधपुर जिला प्रमुख का पद इस बार सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित होगा। पंचायती राज चुनाव के तहत गुरुवार को प्रदेश के 41 जिला प्रमुख पद के लिए आरक्षण लॉटरी मैं दोनों जिलों के पद सामान्य वर्ग केलिए आरक्षित हुए हैं। जयपुर के इंदिरा गांधी पंचायती राज भवन में पंचायती राज सचिव जोगाराम की ओर से निकाली गई लॉटरी में जिला प्रमुख पद के 8 पद एससी, 7 एसटी और 5 जिला प्रमुख पद ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित किए गए है।
ओबीसी आरक्षण की लॉटरी के दौरान पहली पर्ची जालौर की निकली। उसके बाद बूंदी और ब्यावर की पर्ची निकली। इसके बाद खैरथल-तिजारा और फिर पर्ची सीकर की पर्ची निकली। इसी प्रकार एससी महिला के लिए निकाली गई आरक्षण लॉटरी में दौसा, धौलपुर, टोंक, और भरतपुर जिला प्रमुख एससी महिला के लिए आरक्षित है। वहीं एसटी वर्ग की महिला के लिए बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, सलूंबर, अलवर, बालोतरा, जैसलमेर जिले लॉटरी में शामिल किए गए। वहीं, 11 जिला प्रमुख पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित होंगे।
पंचायत राज जिला प्रमुख के पदों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया गया है, जिसके तहत कुल 41 पदों में से 20 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इन आरक्षित पदों का वर्गवार वर्गीकरण करते हुए 11 पद सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए, 8 पद अनुसूचित जाति (SC) महिला के लिए, 7 पद अनुसूचित जनजाति (ST) महिला के लिए और 5 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं।