करौली। जिले में आज एक दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के अनुसार टोडाभीम उपखंड में सोमवार को 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटने से यह दर्दनाक हादसा हुआ है। हादसे के दौरान सड़क से गुजर रहे तीन युवकों की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि उनकी बाइक भी पूरी तरह जल गई। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
घटना को लेकर टोडाभीम के डीएसपी मुरारी लाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी किसी ने मामला दर्ज नहीं कराया है। मौके पर लोग बैठे हैं। उपखंड के भोपुर गांव में 11 केवी विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान आखाड़े गांव के तीन युवक बाइक से गुजर रहे थे। उन्हें सड़क पर गिरे बिजली के तार की जानकारी नहीं थी, जैसे ही उनकी बाइक तार के संपर्क में आई, तीनों युवक करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान आखाड़े गांव निवासी रामबाबू, विष्णु चौबे और एक युवक के जाटव समाज के होने के रूप में हुई।
डीएसपी ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जल गई। घटना की सूचना मिलते ही लोग और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। उधर, हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में शोक की लहर है।