पूर्व मंत्री महेश जोशी को एसीबी ने गिरफ्तार किया

जयपुर। जल जीवन मिशन में 960 करोड़ रुपए के घोटाले के मामले में राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आज पूर्व पीएचईडी मंत्री महेश जोशी को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले दिनों विभाग के तत्कालीन अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुबोध अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आज डॉ. जोशी को गिरफ्तार किया है। एसीबी के डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि पूर्व मंत्री डॉ. महेश जोशी को आज अल सुबह 5 बजे जयपुर स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया है। घोटाले की जांच कर रही एसआईटी ने पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया है।

जल जीवन मिशन घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत ईडी भी इस मामले की जांच कर रही है  ईडी ने महेश जोशी को इस मामले में 24 अप्रैल 2025 में गिरफ्तार किया था । करीब सात महीने जेल में रहने के बाद जोशी को सुप्रीम कोर्ट से 3 दिसंबर, 2025 को जमानत मिली थी। इस मामले में महेश जोशी पर पीएचईडी मंत्री रहते टेंडर जारी करने के बदले रिश्वत लेने का आरोप है। एसीबी ने महेश जोशी के खिलाफ 2024 में प्राथमिकी दर्ज की थी।
जल जीवन मिशन घोटाले में एसीबी ने पिछले दिनों दस अभियंताओं को गिरफ्तार किया था। इसके बाद लंबे समय तक एसीबी से फरार रहने वाले पीएचईडी के तत्कालीन एसीएस डॉ. सुबोध अग्रवाल को भी एसीबी ने गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, तीन आरोपी इस मामले में फरार चल रहे हैं। जिन्हें भगौड़ा घोषित किया गया है। एसीबी ने उनकी संपत्ति की जानकारी जुटाकर कोर्ट में पेश की है। अब उनकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *