जयपुर। जयपुर जिले के दूदू में डबल मर्डर का मामला सामने आने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस सनसनीखेज घटना में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 8 साल की बेटी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी के गले पर तलवार से वार किया। इस घटना के दौरान 8 साल की बेटी चिल्लाई, तो आरोपी ने उसे भी गला दबाकर मार डाला। पत्नी और बेटी की हत्या करने के बाद आरोपी ने गुरुवार सुबह खुद कहा कि ‘मैंने दोनों को मार डाला’। इसके बाद थाने पहुंचकर अपने आप को पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना मोजमाबाद तहसील के मोखमपुरा थाना इलाके की है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। दूदू एएसपी शिवलाल बैरवा के मुताबिक गुरुवार सुबह मोजमाबाद तहसील के मोकखपुरा थाना इलाके के बिचून गांव में डबल मर्डर की सूचना मिली। बीती देर रात को आरोपी सुरजीत सिंह ने तलवार से पहले अपनी पत्नी के गले पर वार किया। आवाज सुनकर पास में सो रही 8 साल की बेटी जग गई तो आरोपी ने बेटी का भी गला दबाकर मार दिया। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरी रात भर पत्नी और बेटी के शव के पास बैठा रहा। सुबह मॉर्निंग वॉक पर जा रहे लोगों को आरोपी ने कहा कि मैंने पत्नी और बेटी को मार डाला।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी खुद ही मोखमपुरा थाने पर पहुंचकर अपने आप को सरेंडर कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मौका मुआयना किया। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मृतका 35 वर्षीय सरोज देवी और 8 वर्षीय वंशिका के शवों को दूदू उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किए जाएंगे।
परिजनों से पूछने पर सामने आया है कि आरोपी सुरजीत सिंह दोने-पत्तल बनाने की फैक्ट्री में काम करता था। करीब 1 साल पहले टीबी की बीमारी हो गई थी, जिसका इलाज चल रहा था। बीमारी के चलते आर्थिक तंगी से परेशान था, जिसकी वजह से घर में झगड़े भी होते रहते थे। बुधवार को आरोपी सुरजीत का बड़ा बेटा अपने चाचा मंजीत सिंह के साथ डीडवाना में शादी समारोह में गया हुआ था। घर में रात को सुरजीत, उसकी पत्नी सरोज देवी और 8 वर्षीय बेटी वंशिका घर पर थे। रात को मां और बेटी छत पर सो रहे थे। आधी रात के बाद आरोपी सुरजीत तलवार लेकर छत पर गया और पहले पत्नी के गले पर वार करके हत्या की, जब पास में सो रही बेटी जाग गई, तो उसकी भी गला दबाकर हत्या कर दी।