जयपुर। यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर राष्ट्रीय करणी सेना की अगुवाई में जयपुर में सवर्ण आक्रोश सभा के मंच से वक्ताओं ने सरकार को कड़े शब्दों में अल्टीमेटम देते हुए हाइवे जाम करने की चेतावनी दी। सभा के बाद कुछ लोग स्टेडियम से हाइवे की ओर बढ़ने लगे, जिन्हें पुलिस ने रोक दिया।
हालांकि बाद में आंदोलनकारियों और प्रशासन के बीच सहमति बन गई। इसी के साथ पिछले आठ दिनों से अनशन कर रहीं लक्ष्मी तंवर का अनशन डीसीपी करण शर्मा और एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत ने जूस पिलाकर तुड़वाया। सवर्ण समाज के हितों को लेकर मंच से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। सभा को राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू, ओकेंद्र सिंह राणा, अनिल चतुर्वेदी, सुनील उदईया और हर्ष दुबे ने संबोधित किया
राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत ने कहा- यूजीसी की गाइड लाइन को वापस लेने, आरक्षण रिफॉर्म, एससी-एसटी एक्ट में संशोधन करने, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, ईडब्ल्यूएस आरक्षण का सरलीकरण करने और सवर्ण आयोग का गठन करने की मांग को लेकर आज जयपुर के विद्याधर नगर में सवर्ण आक्रोश सभा का आयोजन किया गया। इन मांगों को लेकर संगठन की महिला विंग की अध्यक्ष लक्ष्मी तंवर आठ दिन से अनशन पर बैठी हैं, लेकिन सरकार की ओर से बात करना तक उचित नहीं समझा गया। इससे साफ है कि सरकार सवर्ण समाज को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही।
शिव सिंह शेखावत ने कहा, आज मंच से सरकार को तीन बजे तक का अल्टीमेटम दिया गया। सरकार की ओर से वार्ता का सकारात्मक रुख नहीं अपनाने पर तीन बजे हाइवे जाम करने का ऐलान किया गया। हालांकि, बाद में प्रशासन ने बातचीत की और उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने का आश्वासन दिया। डीसीपी करण शर्मा ने उनकी मांगें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया है। इसके बाद आज का आंदोलन समाप्त हुआ। हालांकि, यह लड़ाई लंबी है और जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती, वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
आक्रोश सभा को देखते हुए विद्याधर नगर स्टेडियम के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात रहा। जयपुर (उत्तर) डीसीपी करण शर्मा, एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह मौके पर मौजूद रहे। विद्याधर नगर और अन्य थानों के अलावा आरएसी और क्यूआरटी के जवान भी तैनात रहे। दंगा निरोधक टीम भी मौजूद रही. इस बीच दोपहर 3 बजे प्रशासन के साथ वार्ता में सहमति नहीं बनी तो लोग स्टेडियम से बाहर निकलकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस की समझाइश के बाद अनशन कर रही लक्ष्मी तंवर को जूस पिलाकर अनशन खत्म करवाया गया।
शिव सिंह शेखावत ने सरकार पर सवर्ण समाज की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को ऊपर से आदेश था कि लाठीचार्ज किया जाए। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने उनकी मांगों को सीएम तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया है, लेकिन कहीं न कहीं सरकार ने सवर्ण समाज से दूरी बना रखी है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें आकर लोगों की बात सुननी चाहिए थी।
शेखावत ने कहा, कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन पर पीएम नरेंद्र मोदी आधी रात को बयान जारी करते हैं. यहां राजपूत समाज की महिलाएं और सवर्ण समाज के लोग इकट्ठा हुए लेकिन सरकार मनाने नहीं आई। आने वाले समय में लोकसभा और विधानसभा में इस चीज का जवाब दिया जाएगा।