बारिश ने बिगाड़ा कांग्रेस का प्रदर्शन, मदन राठौड़ का पुतला फूंका

 

बारिश ने बिगाड़ा कांग्रेस का प्रदर्शन, मदन राठौड़ का पुतला फूंका

जयपुर। जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार शाम संजय सर्किल, चांदपोल बाहर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का पुतला दहन कार्यक्रम रखा था पहले तो जिला कांग्रेस अध्यक्ष और अन्य नेताओं के देर से आने के कारण कार्यकर्ता चले गए। बाद में आई बारिश ने कार्यक्रम बिगाड़ दिया। हालांकि बारिश खत्म होने के बाद में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मदन राठौड़ का पुतला फूंका।

बारिश होने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में जयपुर शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील शर्मा, विधायक अमीन काग़ज़ी, मुख्य सचेतक रफ़ीक़ ख़ान, पूर्व विधायक गंगादेवी, पूर्व जिला अध्यक्ष आरआर तिवारी और समाज कल्याण की पूर्व अध्यक्ष डॉ. अर्चना शर्मा समेत कई प्रमुख कांग्रेस नेता, पार्षद मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं ने मदन राठौड़ के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद का नारा तो देती है, लेकिन उसके नेताओं के बयान अक्सर इसके विपरीत दिखाई देते हैं। जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि जब कोई नेता पाकिस्तान के समर्थन जैसा बयान देता है, तो उसका जवाब सड़क पर जनता को देना पड़ता है। बारिश के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का पहुंचना दिखाता है कि जनता ऐसे बयानों को बर्दाश्त नहीं करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *