कोटा। मध्य प्रदेश से सीकर जिले के खाटू श्याम जी में दर्शन करने जा रहे लोगों की टेंपो ट्रैवलर 20 फीट गहरे नाले में गिरने से हुई दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई।दुर्घटना राजस्थान के कोटा जिले में सीमलिया थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह हुई। दुर्घटना में 17 लोग घायल हुए हैं। हादसा सीमलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुबह करीब 7 बजे के आसपास हुआ। टेंपो ट्रैवलर मध्य प्रदेश से जयपुर की ओर आ रही थी। इस दौरान एक ट्रैवलर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 20 फीट नीचे बरसाती नाले में जा गिरी।
सीमलिया थाना अधिकारी नंद सिंह ने बताया कि ट्रैवलर ने कराड़िया टोल प्लाजा पार किया था और सुल्तानपुर की ओर बढ़ रही थी। उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैवलर के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। स्पीड अधिक होने के कारण वाहन से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया। सड़क पर लगे मजबूत डिवाइडर को तोड़ते हुए पुलिया के बीच से सीधे नीचे नाले में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और भीतर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
इस सड़क दुर्घटना में 17 से ज्यादा घायल में से कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और इन लोगों को 20 फ़ीट नीचे नाले से बाहर निकल गया है। जहां से घायलों को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल और एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया है।
दुर्घटना के संबंध में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी जानकारी ली है। प्रशासन को तत्काल मरीजों को उचित और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। दुर्घटना के तत्काल बाद कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हरेंद्र महावर और कार्यवाहक संभाग्य आयुक्त व कोटा जिला कलेक्टर पियूष समारिया तत्काल एमबीएस अस्पताल पहुंचे। कलेक्टर का कहना है कि दुर्घटना के तत्काल बाद अस्पतालों को अलर्ट मोड पर कर दिया गया था। गंभीर घायल मरीजों को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है।
एक मृतक का शव एमबीएस अस्पताल में है, जबकि सात शव मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में हैं। उन्होंने बताया कि हादसे में 17 लोग घायल हैं। इस ट्रैवलर में करीब 25 लोग सवार थे। उन्होंने कहा कि पूरी तरह से डॉक्टर की टीम अलर्ट पर चल रही है। एमबीएस अस्पताल पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण राम कल्याण मीणा ने बताया इस टूर को ले जा रहे व्यक्ति के भी चोट लगी है. यह सभी लोग भोपाल और बैतूल के आसपास के हैं।