गहलोत बोले – आपके आशीर्वाद से तीन बार सीएम बना चौथी बार का नारा मत लगाओ

बीकानेर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज दो दिवसीय बीकानेर दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने पंचायत राज चुनाव से संबंधित एक जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी के पिता के निधन पर शोक भी जताया।
नाल गांव में आयोजित जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने समर्थकों की ओर से उनके सामने चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने के नारे लगाए जाने पर टोकते हुए कहा कि तीन बार आपके आशीर्वाद से सीएम बना, ये क्या कम होता है क्या। गहलोत ने आगे कहा कि इस तरह के नारे नहीं लगाने चाहिए, इससे गलतफहमी पैदा होती है। मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला आलाकमान करता है. सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित पार्टी नेतृत्व ही इस पर निर्णय लेता है। इसलिए कांग्रेस सरकार बनाने के नारे लगाइए।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यमुना जल समझौते को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर कटाक्ष किया। गहलोत ने कहा कि जब भजनलाल शर्मा ने यमुना का पानी लाने की बात कही थी, तब उन्होंने खुद उनसे कहा था कि यदि वह पानी लेकर आ गए तो वह स्वयं उनके घर जाकर उन्हें माला पहनाएंगे। गहलोत के इस बयान के जरिए उन्होंने यमुना जल समझौते को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री को उनके वादे की याद दिलाई।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में सूखे के संकट और किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाया। गहलोत ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में किसानों को राहत देना जरूरी है। बीकानेर संभाग में सिंचाई पानी को लेकर चल रहे आंदोलन पर गहलोत ने राज्य सरकार से किसानों की मांगों और भावनाओं को समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की परेशानियों को गंभीरता से लेना चाहिए और समाधान निकालना चाहिए सिंचाई पानी बीकानेर संभाग के किसानों के लिए अहम मुद्दा है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कोरोना काल में किए गए प्रयासों को याद किया। उन्होंने कहा कि कठिन दौर में सरकार ने यह सुनिश्चित किया था कि कोई भूखा नहीं सोए। गहलोत ने बताया कि चाहे लावारिस हों, अस्पताल में हों, रेलवे स्टेशन पर हों या चौराहे पर, सभी जरूरतमंदों को भोजन मिले, इसके लिए कलेक्टरों को निर्देश दिए गए थे।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने कार्यकाल की निशुल्क दवा योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस योजना से आम लोगों को इलाज के दौरान राहत मिलती थी। योजना बंद होने के बाद अब लोग परेशानियां लेकर उनके पास आते हैं। गहलोत ने कहा कि ऐसी योजनाओं से कमजोर वर्ग को इलाज के खर्च में राहत मिलती है। जनसभा के दौरान पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल, पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद, महापौर अनिल कल्ला सहित जिले के कई कांग्रेस नेता मंच पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *