मुख्यमंत्री बोले – आजादी के बाद भारत ने विकास की लंबी यात्रा तय की है

स्वतंत्रता दिवस पर बीकानेर में हुआ राज्य स्तरीय आयोजन

बीकानेर। बीकानेर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और मार्चपास्ट की सलामी ली। इस दौरान देशभक्ति, शौर्य और राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के रंगों से सजे बीकानेर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस मौके पर भारतीय सेना के ध्रुव हेलीकॉप्टर ने आसमान से राष्ट्रीय ध्वज पर पुष्पवर्षा कर समारोह को भव्य बना दिया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन की शुरुआत में देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जिन वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी, उनका त्याग हमेशा देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने देश की सीमाओं की अखंडता और सुरक्षा के लिए डटे सैनिकों को वंदन किया और पुलिस जवानों और आम नागरिकों के योगदान के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद भारत ने विकास की लंबी यात्रा तय की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया में अपनी क्षमता और सामर्थ्य का लोहा मनवा रहा है। भारत की डिजिटल ताकत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की यूपीआई व्यवस्था की चर्चा आज दुनिया में डिजिटल क्रांति के उदाहरण के रूप में हो रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं। राजस्थान को विकसित और समृद्ध प्रदेश बनाने के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से लेकर औद्योगिक विकास तक कई स्तरों पर काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने राजस्थान के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगाव का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का राजस्थान दौरा हमेशा प्रदेशवासियों के लिए नई सौगात लेकर आया है। उन्होंने 4 जुलाई को पचपदरा में रिफाइनरी के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक रिफाइनरी नहीं है, बल्कि राजस्थान के औद्योगिक विकास का इंजन है। प्रदेश में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास की गंगा अब लगातार आगे बढ़ रही है। यमुना जल और ईआरसीपी जैसी परियोजनाओं से राजस्थान के कई क्षेत्रों में बड़ा बदलाव आने वाला है। जल संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे ‘वंदे गंगा’ अभियान का भी उन्होंने उल्लेख किया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया। राष्ट्रपति पदक और पुलिस पदक से सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने पदक प्रदान किए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के कई कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान बिजली के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। अब प्रदेश को बिजली खरीदने की स्थिति से आगे बढ़ाकर बिजली बेचने वाला राज्य बनाया गया है। उन्होंने प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाने और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के प्रवासी लोगों को अपनी मिट्टी से जोड़ने के लिए भी सरकार प्रयास कर रही है, ताकि प्रदेश से बाहर रहने वाले राजस्थानियों का अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव और मजबूत हो।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं और विशेष रूप से जेन-जी का भी जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं के लिए सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। प्रदेश में नई सरकारी भर्तियां निकाली जा रही हैं, ताकि युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने सुशासन को सरकार की प्राथमिकताओं में प्रमुख बताते हुए कहा कि सरकार की पहुंच आम नागरिक तक होनी चाहिए। आम व्यक्ति को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और सरकारी सेवाएं उसके जीवन को सरल एवं सुगम बनाएं, यही सरकार का प्रयास है। ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकार की योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों को पहुंचाने के लिए ग्रामीण विकास चौपाल आयोजित की जा रही हैं। इन चौपालों के माध्यम से गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

राइजिंग राजस्थान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में करीब 9 लाख करोड़ रुपए के एमओयू पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने राजस्थान की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई तक पहुंचाने का लक्ष्य सामने रखते हुए कहा कि सरकार प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समान नागरिक संहिता कानून लाने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है।

इससे पहले परेड का नेतृत्व वर्ष 2023 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रतीक ने किया। विभिन्न सुरक्षा एवं पुलिस टुकड़ियों ने अनुशासित कदमताल के साथ मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। समारोह में पुलिस और सुरक्षा जवानों के शौर्य और अनुशासन की झलक देखने को मिली। जवानों ने ऊंटों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। समारोह के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राष्ट्रभक्ति गीतों और रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में देशप्रेम का उत्साह भर दिया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों और जवानों के रोमांचक करतबों ने समारोह का आकर्षण बढ़ा दिया।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेश में अच्छी बारिश होने पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रकृति की सौगात बताते हुए प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। बारिश के इस अनुकूल मौसम में ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया जाना चाहिए। समारोह के अंत में देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान के साथ पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। बीकानेर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह ने शौर्य, संस्कृति, विकास और देशभक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *