बीकानेर। सामान्य पारिवारिक विवाद के चलते अचानक हुए विवाद के बाद चाकू बाजी की घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है और अतिरिक्त जाता तैनात किया गया है।
घटना बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के खारवाली ग्राम पंचायत के सुरजनवाली में गुरुवार दोपहर हुई। जहां एक पारिवारिक विवाद ने बड़ा रूप ले लिया कि देखते ही देखते तीन लोगों की हत्या कर दी गई । हालांकि, घटना को लेकर क्या कारण रहे, इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल अलग-अलग बातें सामने आ रही है और मुकदमा दर्ज होने के बाद ही घटना का कारण क्या रहा, उसे पर मालूम चलेगा।
हालांकि, कहा जा रहा है कि सगाई को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच हुई चाकूबाजी में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, खाजूवाला डीएसपी आकांक्षा चौधरी, छत्तरगढ़ थाना पुलिस और एफएसएल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।
खाजूवाला डीएसपी आकांक्षा चौधरी ने बताया कि इस घटना में खारवाली निवासी जिंदू खान (55) पुत्र याकूब खान, उनके पुत्र करीम खान (25) तथा सुरजनवाली निवासी अलीशेर (60) पुत्र अब्दे खान की चाकू लगने से मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं तथा पारिवारिक विवाद के चलते यह घटना हुई. वहीं, घटना में कुछ लोग जख्मी हुए हैं।
जानकारी के अनुसार गांव में पेस्टिसाइड छिड़काव के बाद एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने के बाद कुशलक्षेम जानने के लिए घटना में मारे गए लोग गए हुए थे। इस दौरान सामान्य बातचीत के बाद दौरान विवाद हुआ और ये घटना हो गई।
चाकू के वार से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छत्तरगढ़ के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
घटना की खबर फैलते ही मृतकों के परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में छत्तरगढ़ अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा होने के कारण किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
घटना को लेकर SP मृदुल कच्छावा ने कहा कि कुछ आरोपियों की पहचान कर उन्हें डिटेन किया गया है। उनके खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। फिलहाल, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।