माँ की हत्यारी बेटी सहित सात आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। यह एक ऐसी घटना है, जिस पर एकाएक सुनने वाले की ओर से विश्वास किया जाना भी संभव नहीं है, क्योंकि बेटे बहुत ऐसे देखे, जो मां-बाप के साथ में ऐसा कर सकते हैं,लेकिन पहली बार एक बेटी सामने आई है,जिसने लालच में अपनी मां का मर्डर करवाया है। हालांकि जिस मकसद से मर्डर करवाया, वह पूरा नहीं हो पाया और अब कानून के मुताबिक बेटी और उसके सहयोगियों को सजा भुगत नहीं पड़ेगी।

लालच में आकर खौफनाक घटना को अंजाम देने का यह वीभत्स उदाहरण जयपुर शहर में देखने को मिला है  यहां एक बेटी ने अपने ही ताऊ के परिवार और पांच पेशेवर हत्यारों के साथ मिलकर अपनी सगी मां की हत्या की ऐसी साजिश रची, जिसने पुलिस प्रशासन समेत पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है। मामले में डिजिटल साक्ष्य सामने आने के बाद अब पुलिस इस मर्डर मिस्ट्री के तांत्रिक कोण की जांच कर रही है। इस षड्यंत्र में युवती ने अपने ताऊ और ताऊ के लड़के को भी साथ लिया था।

पुलिस ने मृतका की बेटी उसके जेठ और पांच सुपारी किलर्स को रिमांड पर लेकर पूछताछ की, तो कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई। पुलिस को आरोपियों की गाड़ी और घर से कुछ ऐसे सबूत हाथ लगे हैं, जो हत्या की वारदात से पहले तंत्र-मंत्र के षड्यंत्र की तरफ साफ इशारा कर रहे हैं। जयपुर (पूर्व) डीसीपी रंजीता शर्मा ने बताया कि मृतका नीरज शर्मा की बेटी आयुषी और जेठ मोहन स्वरूप के साथ ही सुपारी लेकर हत्या की वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया था। उनकी रिमांड अवधि पूरी होने पर आज गुरुवार को वापस कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है।
डीसीपी का कहना है कि आरोपियों के मोबाइल से कुछ वीडियो मिले हैं, जिनमें घर की सीढ़ियों पर नीरज शर्मा के कपड़े जलाने की बात सामने आई है। यह वीडियो टक्कर मारकर हत्या करने से एक दिन पहले के हैं। इसके साथ ही उनकी गाड़ी और घर से सिंदूर व अन्य सामग्री मिली है। इससे तंत्र-मंत्र की साजिश का अंदेशा है। इसमें कौन लोग शामिल थे और किसकी क्या भूमिका रही। इसे लेकर पड़ताल जारी है।

उन्होंने बताया कि अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि लड़की आयुषी ने अपने ताऊ मोहन स्वरूप और ताऊ के बेटे बलराम उर्फ रवि के साथ मिलकर पूरी साजिश रची। ताऊ और उसके बेटे ने टक्कर मारकर नीरज की हत्या के लिए बदमाशों को हायर किया। उन्होंने भरतपुर में अपने संपर्कों से बदमाशों से संपर्क किया। ताऊ और उसके लड़के ने सात लाख रुपए में हत्या की सुपारी हेमंत शर्मा को दी। हेमंत ने बाकि लोगों को वारदात का जिम्मा दिया। सुपारी के सात लाख रुपए का इंतजाम भी बलराम और मोहन स्वरूप ने किया था।
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि आयुषी ने सरकारी नौकरी और प्रॉपर्टी के लालच में अपने ताऊ के लड़के और ताऊ को साथ लिया और सुपारी देकर बदमाशों से मां को कार से कुचलवा दिया। इनकी साजिश पूरे मामले को हादसे का रूप देने की थी, लेकिन पोल खुल गई और इनकी कारगुजारी सामने आ गई। पुलिस ने बेटी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो सामने आया कि सुपारी किलर्स ने एक महीने पहले भी महिला को थार से उड़ाने की साजिश रची थी, लेकिन अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाए।
जांच में सामने आया है कि आयुषी और उसके ताऊ का लड़का व ताऊ पिछले कई दिनों से नीरज शर्मा की हत्या की साजिश रच रहे थे, जिन बदमाशों ने टक्कर मारकर हत्या की, वे पहले भी रैकी करके वारदात को अंजाम देने का प्रयास कर चुके थे। करीब एक महीने पहले काले रंग की थार लेकर बदमाश भरतपुर से जयपुर पहुंचे थे। हालांकि,हालांकि उस समय वे सफल नहीं हो पाए। इसके बाद 4 जुलाई को पूरी प्लानिंग और रैकी के साथ वारदात को अंजाम दिया और हादसा बताने का प्रयास किया गया।

नीरज शर्मा के पति विजय कुमार शर्मा की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी। वह कोर्ट में एलडीसी थे। उनकी मौत के बाद पत्नी नीरज शर्मा को कोर्ट में अनुकंपा नियुक्ति मिली। आयुषी नीरज शर्मा की बड़ी बेटी है, जिसकी उम्र 24 साल है। उनका एक 17 साल का बेटा दिव्यांग है। नीरज शर्मा की हत्या के बाद बेटी गिरफ्तार हुई और अब जेल में है। उनका 17 साल के दिव्यांग बेटे को दादा-दादी अपने साथ भरतपुर ले गए हैं।

पुलिस ने हत्या की साजिश के आरोप में मृतका नीरज शर्मा की बेटी 24 साल की आयुषी शर्मा और महिला के 56 वर्षीय जेठ मोहन स्वरूप को गिरफ्तार किया है। जबकि, जेठ का लड़का बलराम उर्फ रवि फरार है। बलराम और मोहन स्वरूप ने वारदात को अंजाम देने के लिए बयाना निवासी हेमंत शर्मा को सुपारी दी। हेमंत ने खिजूरी निवासी 23 साल के आकाश शर्मा, भरतपुर निवासी 21 वर्षीय मोहित शर्मा, 21 साल के अरविंद शर्मा और गहनोली मोड़ (भरतपुर) निवासी 22 वर्षीय रोहित जाटव को टक्कर मारकर हत्या का काम सौंपा। पुलिस का कहना है कि फिलहाल, बलराम की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। उसकी गिरफ्तारी से इस मामले की कई कड़ियां जुड़ेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *