महापंचायत में मंत्री ने न्याय की बात की,पायलट बोले – कोर्ट का निर्णय लागू हो

करौली/ जयपुर। पांचना बांध से नदी में पर्याप्त पानी छोड़ने की मांग को लेकर गंभीर नदी बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले गुरुवार को हिण्डौन के देवलेन मोड़ पर सर्वसमाज की महापंचायत में प्रभारी मंत्री एव गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने ज्ञापन लिया और लोगों को आश्वस्त किया कि किसानों के साथ न्याय होगा।
इधर इसी मुद्दे पर सचिन पायलट ने गुरुवार को अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पांचना बांध के पानी को लेकर आंदोलन चल रहा है। सरकार की जिम्मेदारी है कि हर पक्ष को सुनकर न्यायपूर्वक कार्रवाई करे,क्योंकि पानी सबकी जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम सबको न्यायपालिका में भरोसा है, इसलिए न्यायपालिका के फैसलों को मानना चाहिए। सरकार को वहां अपनी टीम भेजकर लोगों से संवाद करना चाहिए।
उधर  360 गांवों की महापंचायत में स्थानीय किसान, ग्रामीण और विभिन्न संगठन के लोग शामिल रहे। इस महापंचायत को लेकर प्रशासन और पुलिस भी अलर्ट मोड पर रहा। 360 गांवों के प्रमुख पंच–पटेलों ने महापंचायत स्थल पहुंचकर लोगों को संबोधित किया और कहा कि गंभीर नदी सूखी पड़ी है, जिससे आसपास के गांवों में सिंचाई, पशुपालन और पीने के पानी को लेकर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। लंबे समय से चले आ रहे इस विवाद को लेकर अब ग्रामीणों ने महापंचायत के माध्यम से सरकार और प्रशासन पर दबाव बनाने का फैसला किया है। उन्होंने पहले चंबल का पानी पांचना बांध में लाने और फिर सभी किसानों को पानी देने की बात कही। सभा के दौरान किसान नेताओं और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन लेने के लिए आधे घंटे का समय दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई सक्षम अधिकारी या जनप्रतिनिधि ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा, तो हजारों लोग पांचना बांध की ओर कूच करेंगे। इसके चलते प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क रहा।
महापंचायत की घोषणा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में हिंडौन, टोडाभीम और करौली पुलिस के साथ आरएसी की दो कंपनियां तथा करीब 250 जवान तैनात किए गए। अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने के बाद ज्ञापन नहीं लिए जाने से महापंचायत में मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और कूच की तैयारियां शुरू हो गईं। इसी दौरान सूचना मिली कि जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम और करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर महापंचायत स्थल पर पहुंचकर ज्ञापन लेंगे। इसके बाद लोग शांत हुए।
महापंचायत की ओर से मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में गंभीर नदी को पुनर्जीवन योजना में शामिल करने, पांचना बांध जल वितरण समिति में गंभीर नदी जल समिति को प्रतिनिधित्व देने, नदी में नियमित जल प्रवाह सुनिश्चित करने तथा करौली से भरतपुर तक गंभीर नदी क्षेत्र को कमांड एरिया घोषित करने सहित कई मांगें रखी गईं। संघर्ष समिति के अनुसार सरकार को मांगों के समाधान के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद बड़े जन आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

ज्ञापन लेने के बाद मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने महापंचायत में कहा कि पांचना बांध के 39 गांव हों, या फिर कमांड एरिया के इलाके हों या फिर 360 गांव के पानी की समस्या की समाधान की बात हो, इसको लेकर सरकार संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ न्याय होगा। उन्होंने महापंचायत को भरोसा देते हुए कहा कि आप 5-7 लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल बना लो। जिससे भी मिलने की बात कहोगे, मैं उनसे मिलवाऊंगा और अपनी तरफ से भी किसानों की समस्या को लेकर बात रखूंगा।

बेढंम ने कहा कि आज भरतपुर में भी किसानों की पानी की समस्या समाधान को लेकर सभागीय आयुक्त के नेतृत्व में सवाईमाधोपुर, करौली जिला कलेक्टर, अधिकारियों और प्रतिनिधियों की बैठक हो रही है। मंत्री ने कहा कि गंगापुर के खडीप में पानी की समस्या को लेकर चल रहे धरने को राजनीतिक रूप दिया जा रहा है। किसानों को जातियों में बांटा जा रहा है। स्थानीय नेता गलत बयानबाजी कर रहे हैं। मैं उसकी निंदा करता हूं। किसानों को बांटकर राजनीतिक रोटियां सेकना गलत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *