जयपुर। जिले के मनोहरपुर कस्बे में भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामवतार असवाल उर्फ पप्पू की उनके ही गोदाम में निर्मम हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार मनोहरपुर बस स्टैंड के पास स्थित भाजपा नेता का कबाड़ का गोदाम है, जहां सोमवार देर रात वे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। इस बात की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से रामवतार असवाल का गला काट दिया, इसलिए वहां बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ मिला।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में रामवतार असवाल को तत्काल उपचार के लिए निम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।रामवतार असवाल स्थानीय स्तर पर एक सक्रिय राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे, जिससे उनकी हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रणवीर सिंह का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी है. फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।